
बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन और दिशा पटानी के सोशल मीडिया पर आजकल काफी कुछ पढ़ने को मिल रह है. कुछ न्यूज पोर्टल का कहना है कि ऋतिक खुद से 20 साल छोटी दिशा पटानी के साथ फ्लर्ट कर रहे हैं. वहीं कुछ पोर्टल ने तो ऐसे कई ट्वीट भी शेयर किए जिसमें ऋतिक बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के हाल चाल पूछते नजर आ रहे हैं. अब इस मामले में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ ने बड़ा बयान दिया है.
अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने ऐसी खबरों को पूरी तरह ‘‘बेवकूफाना’’ बताकर खारिज करार दिया है जिसमें कहा गया है कि ऋतिक रोशन के फ्लर्ट करने से तंग आकर दिशा पटानी ने एक फिल्म छोड़ दी है. ऐसी खबरें हैं कि दिशा ने ऋतिक और टाइगर की अगली फिल्म छोड़ दी है क्योंकि रितिक उनके साथ फ्लर्ट करते थे.
इस बारे में पूछे जाने पर टाइगर ने मीडिया से कहा, ‘‘यह एक हिस्सा है..ना केवल ऋतिक सर बल्कि हर कलाकार इसका सामना करता है. एक बार लाइमलाइट में आने के बाद आप आसानी से निशाना बन जाते हैं. यह बहुत ही बेवकूफाना अफवाह है. मैं उन दोनों को बहुत अच्छी तरह जानता हूं, वे ऐसे नहीं हैं. वे बहुत ही अच्छे इंसान हैं.’’
इससे पहले दिशा पटानी ने इन खबरों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘बचकाना’’ और ‘‘गैरजिम्मेदाराना अफवाह’’ बताया था तथा ऋतिक को एक ‘‘गरिमापूर्ण’’ व्यक्ति बताया था. टाइगर माचो की नई सीरिज के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे. टाइगर ने कहा कि अभी इस बारे में बात करना बहुत जल्दबाजी होगी कि यशराज बैनर की अगली फिल्म में उनका और रितिक का साथ में डांस होगा या नहीं. अभी इस फिल्म का नाम तय नहीं किया गया है.
टाइगर ने कहा, ‘‘ऋतिक सर के साथ काम करने का मेरा पुराना सपना रहा है. वह मेरे लिए सबकुछ हैं. मैं एक अभिनेता, एक इंसान के तौर पर उन्हें देखते हुए बड़ा हुआ हूं. मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं. मैं उनसे बहुत कुछ सीखूंगा. हम अक्तूबर से शूटिंग शुरू कर रहे हैं.’’ टाइगर ने उन अफवाहों को भी खारिज किया कि वह संजय लीला भंसाली के साथ काम कर रहे हैं और कहा कि फिल्म निर्माता से उन्होंने शिष्टाचार भेंट की.