मध्य प्रदेश में ‘राम’ के सहारे कांग्रेस का चुनावी दांव: सत्ता में आने पर बनाएगी ‘रामपथ’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि प्रदेश में सत्ता में आने पर कांग्रेस ‘रामपथ’ और ‘नर्मदा परिक्रमा पथ’ का निर्माण कराएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा ने रामपथ बनाने का वादा किया था, वह नहीं बना पाई. लेकिन हम लोग इसे बनाएंगे. ऐसा हम लोग सोच रहे हैं.

उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा के वक्त उन्होंने महसूस किया कि नर्मदा की परिक्रमा के लिए पथ बनाया जाना चाहिये, ताकि लोगों को सुविधा हो. यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस भी भाजपा की धार्मिक राह पर चल पड़ी है, उन्होंने कहा कि भाजपा की राह धार्मिक नहीं है. निर्मोही अखाड़े के महंत के मुताबिक 1400 करोड़ रुपये विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) वाले खा गए. उन्होंने कहा कि वे लोग धार्मिक लोग नहीं हैं. गौ माता की हालत गांव-गांव में क्या हो गई है, आप देख लिजिये. किसान रात-रात भर पहरा दे रहे हैं कि कहीं आवारा पशु उनके खेत न चर जाएं.