
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आइएसआइ के नाम पर पंजाब में आग लगा रहे हैं। वह बाद में इस आग को बुझा नहीं पाएंगे। दादूवाल और ध्यान सिंह मंड जैसे आइएसआइ एजेंटों को आगे किया जा रहा है।
वह गांव भुल्लर में शिअद कार्यकर्ताआें की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दादूवाल और मंड भगवे चोले पहनकर देश के साथ द्रोह कर रहे हैं। ये लोग 70 वर्ष तक साफ-सुथरी राजनीति करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर बेअदबी का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने तो आज तक चींटी तक को नहीं मारा। वह तो अपने दुश्मन तक को जी कहकर बुलाते हैं।
बोले- जाखड़ अज जेहड़ा थाणेदार तैनूं सलूट मारदा ओ ही तैनूं घड़ीसूगा
सुखबीर ने प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह जाखड़ मुझे कहता था कि आप मेरे हलके में आकर दिखाओ, मैंने उसी के क्षेत्र में 9 सितंबर को रैली रखी है। दिखा देंगे अकाली दल क्या चीज है। आह जेहड़े जाखड़ नूं लगदा कि पुलिस साडे हत्थ च आ, तिन्न साल ई आ, फिर ओ ही थानेदार जेहड़ा तैनूं सलूट मारदा ओ ही तैनूं घड़ीसूगा (घसीटना)।
सरकार बनने पर होंगे सारे शौक पूरे
सुखबीर ने पार्टी वर्करों से कहा कि पहले आपका राज था, आप जैसा चाहते थे वैसे ही होता था। जितनी जल्दी हम कांग्रेसियों को भगाएंगे, उतनी ही जल्दी सुख मिलेगा। पक्की सरकार तो अकाली दल की है। अकाली दल की सरकार आने पर आपका हर शौक पूरा किया जाता है। किसी से डरने की जरूरत नहीं है। मैं आपके पीछे हूं।