
सवर्ण समाज की द्वारा आहूत बंद का पंजाब के फगवाड़ा व हरियाणा के जींद को छोड़ अन्य जगह ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। फगवाड़ा में स्कूल, कालेज व बाजार पूरी तरह से बंद रहे। सवर्ण समाज सुप्रीम कोर्ट द्वारा एससी-एसटी एक्ट संबधी दिए फैसले को संसद में कानून पास कर बदलने का विरोध कर रहा है। शहर में शांति का माहौल बना रहे इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जींद में भी पालिका बाजार, मेन बाजार, घंटाघर चौक, गांधी गली, टांगा चौक, साड़ी मार्केट, पंजाबी बाजार बंद रहे।
बता दें, जातीय दृष्टि से फगवाड़ा बेहद संवेदनशील है। बीती 13 अप्रैल को फगवाड़ा के गोल चौक का नाम बदलने को लेकर सामान्य वर्ग व अनुसूचित जाति लोग आमने सामने हो गए थे। इस दौरान भड़की हिंसा से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। एक फिर यहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
शहर में कोई अनहोनी घटना न हो इसके लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसएसपी सतिंदर सिंह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। शांति बनाए ऱखने के लिए उन्होंने जनरल समाज एव अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी की। लेकिन, सवर्ण समाज के लोग एक्ट को लेकर पूरी तरह विरोध में उतर आए हैं।
पुलिस की ओर से सबकुछ शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने व सुरक्षा की दृष्टि से शहर में पंजाब पुलिस के जवानों सहित कमांडो, बीएसएफ व एआरपी के 550 के करीब कर्मचारियों की तैनाती की है। फगवाड़ा में लगभग 13 मुख्य प्वांइटों पर नाकाबंदी भी की गई है। इसके अलावा पीसीआर पुलिस समेत पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टियां पूरे शहर का दौरा कर रही है। सीसीटीवी कैमरों से भी पूरे शहर पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, पंजाब के अन्य शहरों लुधियाना, जालंधर, संगरूर, गुरदासपुर, पटियाला आदि जगहों पर बंद का ज्यादा असर नहीं दिखा। फिरोजपुर में आंशिक बंद रहा। पठानकोट में सवर्ण समाज ने एससी/एसटी एक्ट के विरोध में सलारिया चौक को बंद किया और विभिन्न सस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया।
हरियाणा में जींद में बंद का असर दिखा। यहां पालिका बाजार, मेन बाजार, घंटाघर चौक, गांधी गली, टांगा चौक, साड़ी मार्केट व पंजाबी बाजार बंद रहे। यहां सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से संशोधित कानून वापस लेने की मांग की।
कुरुक्षेत्र में भी सवर्ण समाज के लोग एकजुट हो गए हैं। सरकार के सवर्ण विरोधी कदम के विरोध में सवर्ण सुबह एकत्र हुए। सवर्णों ने रेलवे रोड पर दुकानों को बंद कराया। श्री ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास के संरक्षक पवन शर्मा पहलवान, रामरतन गुर्जर, पवन मिगलानी, राजेश गोयल के नेतृत्व में सवर्णों ने जमकर रोष प्रदर्शन किया।