
हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसले में देहरादून के सेलाकुई में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बिल्डिंग बनाने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। वहीं, हाईकोर्ट के आदेश पर एमडीडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में तीन बड़े प्रतिष्ठान सील कर दिए। 
आरोप है कि तीनों एमडीडीए के बायलॉज के विपरीत बने भवनों में कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा एमडीडीए ने सुभाष रोड और बंजारावाला क्षेत्र में 14 लोगों को सीलिंग और ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी किए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर शहर में अतिक्रमण के अलावा नक्शे के विपरीत बने भवनों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। एमडीडीए की टीम सुभाष रोड पहुंचे। यहां 10 से ज्यादा लोगों को पूर्व में नोटिस दिए गए थे। इस दौरान सुभाष रोड पर अरुण गोयल के अन्नपूर्णा चाट-कैफे एंड रेस्टोरेंट भवन को सील किया गया। इसके अलावा इसी रोड पर चरणजीत लाल के शोरूम को सील किया गया।
इधर, सहारनपुर रोड में नरेश नरुला के नरुला होटल को अगस्त माह में सील किया था। होटल संचालक ने बायलॉज के मुताबिक होटल संचालित करने की बात कही थी। जबकि होटल के बेसमेंट में पार्किंग की जगह ऑफिस और दूसरी व्यवसायिक गतिविधियां चल रही थीं। समय पर मानक पूरे न करने पर होटल नरुला को भी सील कर दिया गया।