
इसी के तहत मध्य प्रदेश के तीन जिलों मुरैना, भिंड एवं शिवपुरी में एहतियाती तौर पर मंगलवार को धारा 144 तत्काल प्रभाव से लगा दी गई है। यह सात सितम्बर तक प्रभावी रहेगी। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक (इंटेलीजेंस) मकरंद देउस्कर ने बताया, भारत बंद के मद्देनजर प्रदेश के सभी 51 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से इस कानून के खिलाफ मध्यप्रदेश के कई स्थानों में विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नेताओं एवं मंत्रियों को काले झंडे भी दिखाए गए हैं।
वहीं, आगरा में मंगलवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के आह्वान पर सर्व समाज की बैठक लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में हुई। इसमें सर्व समाज संघर्ष समिति गठित की गई। परिषद के अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता को इसका संयोजक बनाया गया। भारत बंद के लिए स्थानीय व्यापारियों का समर्थन हासिल करने को बुधवार दोपहर दो बजे बाइक रैली निकाली जाएगी। आगरा क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसिएशन ने बंद के समर्थन का ऐलान किया है।