जनपद में टीकाकरण के बाद एक बच्चे की मौत वहीं, सीएमएस ने टीकाकरण से मौत की बात से किया इंकार

सीतापुर घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव के भुर्जिया गांव की है. यहां शनिवार को एएनएम और आशा बहु ने करीब एक दर्जन बच्चों का टीकाकरण किया था. जिसके बाद लक्ष्मण के 2 माह का पुत्र अर्पित की मौत हो गयी. परिजनों का आरोप हैं कि टीकाकरण की टीम ने गांव के 2 माह तक के मासूम बच्चों को टीके लगाए और बुखार आने पर कोई भी दवाई न देने की बात कहकर चले गए. 
देर रात बच्चों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन परेशान हो गए और डायल 100 को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सभी 8 बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची और सभी को भर्ती कराया. जहां बीमार बच्चों में डॉक्टरों ने 2 माह के अर्पित को मृत घोषित कर दिया, जबकि 7 अन्य बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया. 

बच्चों की हालत बिगड़ने की जानकारी पाकर कई घटों के बाद पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के सीएमएस ने बच्चों का हाल जाना. घटना के बाबत सीएमएस का कहना है कि टीकाकरण से बच्चों की मौत होने की बात उचित नहीं है. बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं, जिससे बच्चे की मौत की वास्तविक स्थिति की जानकारी हो सके. वहीं, परिजनों ने टीकाकरण करने गयी टीम पर लापरवाही का आरोप लगाया है.