RLD नेता जयंत चौधरी ने कहा- लोकसभा चुनाव के लिए हम सपा-बसपा-कांग्रेस से गठबंधन चाहते हैं

आरएलडी (राष्ट्रीय लोक दल) के नेता जयंत चौधरी ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2019 से पहले संभावित महागठबंधन को लेकर बयान दिया है. आरएलडी नेता का कहना है कि हम गठबंधन चाहते हैं. हम चाहते हैं कि सपा, बसपा, कांग्रेस और आरएलडी का गठबंधन हो. बता दें कि जयंत चौधरी आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी के बेटे हैं.

आरएलडी नेता जयंत चौधरी ने कहा कि गठबंधन होगा, लेकिन अभी इसके बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी. अभी तक इसके बारे में बातचीत होना शुरू नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि जब सभी दल बैठकर इस बारे में और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा कर लेंगे. इसके बाद निर्णय होगा और महागठबंधन को लेकर ठीक से जवाब दे पाएंगे.

बता दें कि आरएलडी, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने मिलकर बीजेपी को फूलपुर, गोरखपुर, कैराना और नूरपुर में चुनाव हरा दिया था. इसके बाद से ही गठबंधन को लेकर चर्चा तेज है. यूपी में विपक्ष इसे फायदे के तौर पर देखता है. एक दिन पहले ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि वह अभी रणनीति का खुलासा नहीं करेंगे, लेकिन रणनीति वही होगी जो उपचुनाव में की गई थी. गठबंधन में कांग्रेस फिट होगी कि नहीं, इसके जवाब में उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी से उनके बेहद अच्छे संबंध हैं.