
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री के पास सतलुज यमुना लिंक (एसवाइएल) नहर का मुद्दा उठाया है। यह केस सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है और 5 सितंबर को इसकी सुनवाई होनी है। इसके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव के संदर्भ में भी प्रधानमंत्री से बातचीत की। उनसे पाकिस्तान स्थित करतारपुर कॉरिडोर को खोलने की मांग पाकिस्तान के सामने उठाने के लिए कहा।
सुप्रीम कोर्ट में एसवाइएल पर सुनवाई 5 को, कैप्टन ने रद किया सिंगापुर दौरा
वहीं, सतलुज यमुना लिंक (एसवाइएल) नहर मामले की सुप्रीम कोर्ट में 5 सितंबर को होने वाली सुनवाई को देखते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सिंगापुर का अपना दौरा रद कर दिया है। इस केस की गंभीरता को देखते हुए कैप्टन ने दिल्ली में डेरा जमा दिया है।
एसवाइएल मामला पंजाब के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। करीब चालीस साल से यह मामला लटका पड़ा है। बादल सरकार ने विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर एसवाइएल नहर के लिए अधिग्रहीत की गई जमीन को किसानों को दे दिया था। हरियाणा की आपत्ति के बाद सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि यथास्थिति बरकरार रखी जाए।
सीआइआइ (भारतीय उद्योग परिसंघ) द्वारा सिंगापुर में करवाए जा रहे सीआइआइ नार्थ इनवेस्ट समारोह में शिरकत करने के लिए तीन सितंबर को मुख्यमंत्री के जाने का कार्यक्रम था। इससे पहले इसी माह उन्हें सिंगापुर जाना था, लेकिन समारोह की तैयारियां पूरी न होने के कारण सीआइआइ ने समारोह को आगे बढ़ा दिया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय के उच्च स्तरीय सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस समारोह में शिरकत करने के लिए कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल और विजय इंदर सिंगला की ड्यूटी लगाई है। ये दोनों अब पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे पर न जाने के कारण अब सीएमओ का कोई भी अधिकारी सिंगापुर नहीं जाएगा।