CM त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा- हड़ताल पर नियंत्रण को विचार कर रही सरकार

उत्तराखंड में निवेश के लिए दुनियाभर में माहौल तैयार कर रही सरकार एक के बाद एक हो रही हड़ताल से चिंतित है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि ‘आज देश में प्रदेश की छवि हड़ताली प्रदेश के रूप में बनती जा रही है और इससे निवेश पर असर पड़ सकता है।’ उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को हड़ताली प्रदेश नहीं बनने दिया जाएगा। सरकार हड़तालों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी विचार करेगी।

इस दौरान उन्होंने राज्य की कमजोर आर्थिक स्थिति का भी हवाला दिया। कहा कि इस वजह से कई बार मजबूरन कई मांगें चाहकर भी पूरी नहीं हो पाती। इसमें थोड़ा समय लगता है। सरकार की स्थिति को भी समझें। उन्होंने कहा कि आज देश-विदेश के बड़े-बड़े पूंजीपति प्रदेश में निवेश की संभावनाएं देख रहे हैं।

ताइवान, कोरिया, सिंगापुर के उद्योगपतियों ने प्रदेश में निवेश का आश्वासन दिया है, लेकिन हड़ताल से निवेशकों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। नसीहत दी कि कर्मचारी-अधिकारी संगठन प्रदेश हित में अनावश्यक आंदोलन से बचें।