सचिवालय में लंबित रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शुरू करेगी योगी सरकार

ब्रेकिंग न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सचिवालय प्रशासन के कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों से कहा कि सचिवालय में लंबित रिक्तियों को भरने के लिए लोक सेवा आयोग तथा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से समन्वय कर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।शास्त्री भवन में समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने भर्तियों के लिए भेजे गए अधियाचन के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।

मुख्यमंत्री ने ई-ऑफिस के मंडल और जिला स्तर पर क्रियान्वय की जानकारी के लिए जल्द ही प्रस्तुतिकरण करने का निर्देश दिया। सचिवालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक्स सिस्टम से लागू करने को कहा, इससे पहले इसका भी प्रस्तुतिकरण करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव डा. अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव सचिवालय प्रशासन महेश कुमार गुप्ता आदि उपस्थित थे।