
देहरादून: प्रदेश में कांग्रेस के भीतर रह-रहकर ‘लेटर बम’ के जरिये असंतोष फूट रहा है। वरिष्ठ विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल के तल्ख तेवरों के बाद एक और विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट के प्रभारी को लिखे पत्र के बाद अब उनके पुत्र और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हिम्मत सिंह बिष्ट ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को पत्र लिखकर पिता के खिलाफ जारी बयानबाजी को लेकर प्रदेश नेतृत्व की भूमिका पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। 
पार्टी के कुछ नेताओं की ओर से जोत सिंह बिष्ट की सपंत्ति की जांच की मांग पर पलटवार करते हुए उनकी संपत्ति का ब्योरा पार्टी को भेजा है। साथ ही सभी पदाधिकारियों की संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग भी प्रदेश अध्यक्ष से की गई है। प्रदेश में कांग्रेस के भीतर रार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। दिग्गजों के बीच तलवारें खिंचने के बाद अब अन्य नेताओं ने भी आरोपों-प्रत्यारोपों की जंग में कूदने लगे हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के लिए पार्टी में अंतर्कलह को थामने की चुनौती खड़ी हो गई है।
खास बात ये है कि पार्टी के भीतर इस खींचतान के निशाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ही अधिक हैं। हालांकि प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह को भी बीते दिनों को भी निशाने पर लेने की कोशिशें हो चुकी हैं। बीती 24 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में अनुग्रह नारायण सिंह के सामने ही अंतर्कलह सतह पर आ गई थी। वहीं पार्टी के एक खेमा प्रभारी पर राज्य का दौरा नहीं करने और कार्यकर्ताओं से फीडबैक नहीं लेने के आरोप लगा चुका है। इसके बाद प्रदेश प्रभारी को राज्य में अपने दौरे बढ़ाने पड़े हैं।
प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह के बीते दिनों कुमाऊं दौरे के दौरान भी रुद्रपुर में पार्टी नेता तिलकराह बेहड़, नैनीताल में गोविंद सिंह कुंजवाल और महेंद्र सिंह माहरा की नाराजगी सामने आ चुकी है। अब प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट के बाद उनके पुत्र हिम्मत सिंह बिष्ट ने भी लैटर बम से पार्टी में हलचल पैदा कर दी है। जोत सिंह बिष्ट की ओर से गोविंद सिंह कुंजवाल की नाराजगी और जिलाध्यक्षों की सूची जारी किए जाने में पार्टी में नियमों की धज्जियां उड़ाने का जिक्र करते हुए प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष दोनों पर ही निशाना साधा था।
जोत सिंह के लेटर बम पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए प्रदेश कांग्रेस के ही सचिवों गिरीश पुनेड़ा और नवीन पयाल ने उन पर ही आरोपों की बौछार कर दी थी। इन आरोपों को लेकर ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोत सिंह बिष्ट के पुत्र व प्रदेश प्रवक्ता हिम्मत सिंह बिष्ट ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट की पार्टी के प्रति निष्ठा और मौजूदा समय में मध्यप्रदेश में पार्टी के लिए काम करने का हवाला देते हुए उनके खिलाफ बयानबाजी करने वाले प्रदेश पदाधिकारियों पर कार्यवाही नहीं किए जाने पर आपत्ति की है। साथ ही उनके बयानों के पीछे पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व की सहमति की ओर इशारा किया है। उधर, प्रदेश प्रवक्ता हिम्मत सिंह बिष्ट के पत्र के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह से कोशिशों के बावजूद दूरभाष पर संपर्क नहीं हो सका।