पाकिस्तान में डिलीवरी के समय बच्चे का सिर डॉक्टर के हाथ में और धड़ मां के पेट में

कराची: रौंगटे खड़े कर देने वाले एक मामले में एक महिला डॉक्टर ने दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान के एक निजी अस्पताल में बच्चे के जन्म के समय गलती से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. इसके चलते बच्चे का बाकी शरीर मां के गर्भ में रह गया और उसका सिर डॉक्टर के हाथों में आ गया.

‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने खबर दी कि बाद में बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के एक सरकारी अस्पताल में सर्जरी के जरिये बच्चे का धड़ निकाला गया. खबर में कहा गया कि अब्दुल नासिर ने दावा किया कि वह बुधवार को अपनी पत्नी को डॉक्टर आलिया नाज तारन के प्राइवेट क्लीनिक में ले गये थे. डाक्टर ने उनसे डिलीवरी के लिए दस हजार रुपये मांगे और यह भी कहा कि वह बिना किसी परेशानी के सामान्य डिलीवरी करेंगी.

इसमें कहा गया कि उन्होंने दावा किया कि डॉक्टर ने नवजात शिशु का सिर धड़ से अलग कर दिया. नासिर ने कहा कि बच्चे का धड़ मां के गर्भ के अंदर ही रह गया और फिर डॉक्टर ने उनकी पत्नी को सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी. सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन करके मां के गर्भ से बच्चे का धड़ निकाला गया. उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें मेडिकल रिपोर्ट देने से भी इंकार कर दिया. अखबार ने सूत्रों के हवाले से कहा कि आरोपी डॉक्टर उप जिला स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में भी काम कर रही है. बलूचिस्तान के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अलाउद्दीन मारी ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिये हैं.