सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर इलाके में एक के बाद एक सामने आ रही चोरी की वारदात

सीतापुर इमलिया सुल्तानपुर थाना इलाके में इन दिनों चोरों का आतंक व्याप्त है। बेखौफ चोर लगातार एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। जिससे ग्रामीण दहशत में है। पुलिस द्वारा एक भी वारदात का खुलासा न कर पाने के कारण ग्रामीणों में पुलिस को लेकर काफी रोष है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने ग्राम हाजीपुर बेलगवां के प्रधान फरहत हुसैन उर्फ बुद्धा खां के घर में घुसकर करीब 22 तोला सोने के आभूषण व साढ़े पांच लाख रुपये की नकदी पार कर दी।

प्रधान का परिवार छत पर सो रहा था। परिजनों को घर मे चोरी की जानकारी प्रातः हुई जब छत से नीचे उतर कर आये। इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं चोरी की सूचना मिलने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री रामहेत भारती प्रधान के घर पहुंचे।

सोमवार की रात चोरों ने इमलिया सुल्तानपुर कस्बे में तीन घरों को निशाना बनाकर करीब एक लाख रुपये का सामान व नगदी पार कर दी थी। इस मामले का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। इसी तरह शनिवार की रात चोरों ने इमलिया सुल्तानपुर कस्बे में लगी चार सोलर रोड लाइटों के बैट्रा चोरी कर लिया था। पुलिस इसका भी अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे है।