कुछ इस तरह कपिल देव को छोड़ धोनी बने करुणानिधि के फेवरेट क्रिकेटर

नई दिल्ली. दक्षिण भारत में अलग मुकाम रखने वाले एम. करुणानिधि एक सफल राजनेता एक्टर और पटकथा लेखक तो थे ही लेकिन इसके साथ साथ वो एक जबरदस्त क्रिकेट फैन भी थे. एक इंटरव्यू में करुणानिधि की बेटी कनिमोझी ने कहा था कि क्रिकेट के लिए उनका जुनून देखने लायक होता था.

कनिमोझी के मुताबिक,” क्रिकेट देखने के लिए करुणानिधि अपने व्यस्त शेड्यूल से भी वक्त निकाल लेते थे. उन्हें अपनी मीटिंग कैंसिल करनी होती थी तो वो भी करते थे.” कहा जाता है कि भारत को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान कपिलदेव के वो जबरदस्त फैन थे. वो उनके फेवरेट थे. लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि क्रिकेट को पसंद करने वाले करुणानिधि के दिल में धोनी ने अपनी जगह बना ली और उनके फेवरेट क्रिकेटर बन गए.

2013 में धोनी बने फेवरेट

धोनी के लिए करुणानिधि का प्रेम उमड़ना शुरू हुआ साल 2011 से, जब टीम इंडिया ने उनकी कप्तानी में दूसरी बार क्रिकेट का वर्ल्ड कप जीता. वर्ल्ड कप जीतने पर करुणानिधि ने धोनी एंड कंपनी को 3 करोड़ रूपये का कैश प्राइज भी दिया. हालांकि, धोनी के अपने फेवरेट क्रिकेटर होने पर मुहर उन्होंने साल 2013 में एक ट्वीट के जरिए लगाई, जिसमें उन्होंने लिखा कि वो कपिलदेव के फैन हैं लेकिन अब उनके फेवरेट क्रिकेट महेन्द्र सिंह धोनी हैं.

धोनी को फेवरेट बताने पर मचा था हड़कंप!

करुणानिधि के धोनी को फेवरेट बताने वाले इस ट्वीट को लेकर तब सवाल भी उठे थे. इसे उनके पॉलिटिकल स्टंट से जोड़कर देखा गया था. कहा गया था ऐसा उन्होंने तमिलनाडु के युवाओं को लुभाने के लिए किया है.

धोनी और करुणानिधि के बीच ‘कॉमन मैन’

वैसे करुणानिधि और धोनी के बीच एक चीज कॉमन थी. दोनों ही कॉमन मैन के बीच लोकप्रिय रहे. करुणानिधि तमिलनाडु के कॉमन मैन के मसीहा के तौर पर सामने आए तो वहीं धोनी पूरे देश के कॉमन मैन के रॉल मॉडल बनकर उभरे.