Fanney Khan: क्या मेकर्स ने दबाव में बदले ‘अच्छे दिन कब आएंगे’ के बोल?

फिल्म फन्ने खां का गाना मेरे अच्छे दिन कब आएंगे रिलीज के बाद से ही चर्चा का विषय बना हुआ था. दरअसल, ये पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के चुनाव अभियान का थीम सांग था. विपक्ष भी सरकार को घेरने के लिए अक्सर ये सवाल करता रहता है. बहरहाल, इस गाने के बोल अब बदल दिए गए हैं. इस गाने के पहले वर्जन को करीबन एक हफ्ते पहले रिलीज किया गया था.

जैसे ही ये सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोग इसका यूज सरकार को टारगेट करने में करने लगे. खैर, अब इसके बोल पूरी तरह बदल दिए गए हैं. नया गाना ‘मेरे अच्छे दिन अब आए रे’ को भी लोग बहुत पसंद कर रहे हैं. मिड डे की रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स ने कहा- इस गाने को लोग यूज करके सरकार को टारगेट करने लगे थे जबकि फिल्म की कहानी के हिसाब से इसका अर्थ कुछ और ही है. इसलिए बेवजह के विवाद से बचने के लिए निर्माताओं ने इस वापस ले लिया. ये गाना अभिनेता अनिल कपूर पर फिल्माया गया है.

फन्‍ने खां के डायरेक्‍टर अतुल मांजरेकर हैं और इसमें लीड रोल अनिल कपूर, ऐश्‍वर्या राय बच्‍चन और राजकुमार राव का है. फिल्म एक जुनूनी पिता की है जो अपनी बेटी को एक सिंगर बनाने के लिए किसी भी हद तक गुजर जाने को तैयार रहता है. काफी भावुक कर देने वाला है ये वीडियो. तय है कि ये फिल्म आपको रूला देगी.

ट्रेलर में दिखाया है कि किस तरह एक पिता अपनी बेटी के जरिए सपनों को पूरा करना चाहता है. किस तरह अपनी बेटी को तिरस्कृत देखकर उसकी आंखों से आंसू बहने लगते हैं और बेबस होकर देखने के अलावा कोई चारा नहीं रहता है. बेटी को स्टार बनाने के लिए फन्ने, राजकुमार राव की मदद लेता है. दोनों मिलकर पैसों के लिए ऐश्वर्या रॉय को किडनैप कर लेते हैं. ऐश्वर्या नामचीन गायिका के किरदार में हैं. किडनैपिंग के बाद ऐश्वर्या और राजकुमार राव के बीच प्रेम भी हो जाता है. लेकिन क्या उनका बेटी को लता मंगेशकर बनाने का सपना पूरा हो पाता है ये फिल्म देखकर ही पता चल पाएगा.