अकराबाद के माध्यमिक विद्यालय में मिड डे मील की खराब गुडवत्ता को लेकर छात्र-छात्राओं ने काटा हंगामा

जहाँ एक ओर हर तरफ बुखार, टाइफाइड व अन्य बीमारियों से बच्चे व अन्य लोग जूझ रहे हैं। वहीं, अलीगढ़ के ब्लाक अकराबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिलने वाले मिड डे मील के खाने की खराब गुडवत्ता सामने आई है। जिसको लेकर छात्र-छात्राओं ने हंगामा भी काटा। स्कूल के बच्चों की शिकायत है कि उन्हें मेन्यू के हिसाब से खाना नहीं दिया जाता है। जो खाना मिलता भी है वह बेहद घटिया किस्म का दिया जाता है। शनिवार को जो चावल बनाये गए उन्हें खाकर कुछ बच्चों के पेट में दर्द की शिकायत सामने आई है। वहीं, आलू की सब्जी में सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है, आलू दिख ही नहीं रहे। छात्राओं ने बताया है कि उन्हें मेन्यू के हिसाब से मिलने वाला दूध, घी व फल मिलते ही नहीं हैं। खाने की गुडवत्ता खराब होने के कारण काफी सारे बच्चे दोपहर का भोजन करने घर पहुंच गए। इस दौरान परिजनों को खाने की गुडवत्ता खराब होने की जानकारी मिलने पर कई अभिभावक स्कूल में पहुंच गए और स्कूल स्टाफ व प्रधान से शिकायत की गई। वहीं, स्कूल की शिक्षिका ने भी मिड डे मील खराब होने की पुष्टि करते हुए कई बार शिकायत की बात भी कही। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। सवाल ये उठता है कि सरकार बच्चों की पढ़ाई से लेकर उनके अच्छे स्वाथ्य के लिए खाने पीने पर पानी की तरह रुपया बहा रही है लेकिन चंद रुपयों के लालच में ठेकेदार उससे कमाई में लगे हुए हैं। हालांकि, जानकारी यह भी प्राप्त हुई है कि स्कूल के टीचर स्टाफ की गुटबंदी के कारण इस खाने की खराब गुडवत्ता शिकायत उच्च स्तर के अधिकारियों तक नहीं पहुँचने दी जाती है।