खत्म नहीं हुईं मो. शमी की मुश्किलें, हसीन जहां से मिला एक और झटका

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मो. शमी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. अब चेक बाउंस के मामले में कोलकाता के अलीपुर कोर्ट ने शमी को 20 सितंबर को पेश होने का आदेश दिया है. शमी के खिलाफ चेक बाउंस का मामला उनकी पत्नी हसीन जहां ने दर्ज कराया था. हसीन जहां ने शमी पर घरेलू हिंसा का मामला भी दर्ज कराया था.

अलीपुर कोर्ट में चल रहा केस

कोलकाता के अलीपुर कोर्ट में हसीन जहां के गुजारा भत्ता का भी केस चल रहा है. हसीन जहां से अपने पति शमी से हर महीने 10 लाख रुपये गुजारा भत्ते की मांग की है. उन्होंने अपने और बेटी के भरण पोषण के लिए गुजारा भत्ते के रूप में इतनी बड़ी रकम मांगी है. ये रकम सालाना एक करोड़ 20 लाख बैठती है.

हसीन जहां ने लगाए सनसनीखेज आरोप

मो. शमी की पत्नी हसीन जहां ने इस तेज गेंदबाज पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर सहित कई तरह के आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. उन्होंने शमी पर मैच फिक्सिंग का भी आरोप लगाया था. इसके बाद बीसीसीआई ने उनका सालाना कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया था. हालांकि जांच के बाद बीसीसीआई ने शमी को फिर से 3 करोड़ रुपये के सालाना कॉन्ट्रैक्ट में शामिल कर लिया था.

पत्नी के आरोपों का सामना कर रहे शमी से पुलिस ने पूछताछ की थी और उनके घर की तलाशी भी ली थी. इन तमाम विवादों का शमी के करियर पर खासा असर पड़ा. किसी तरह उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका मिला. लेकिन दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से खेलते हुए उनका प्रदर्शन बेहद फीका रहा. टीम इंडिया में भी उनके चयन पर ऊहापोह की स्थिति बनी रही.