सुलतानपुर में तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर व्‍यापारी से दिन दहाड़े लाखों लूट कर हुए फरार

सुलतानपुर के सुदनापुर बाजार जा रहे आभूषण व्यवसायी को गुरुवार करीब 11 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने भटपुरा नहर पुलिया के पास रोक लिया। उन्हें मारापीटा और तमंचा सटाकर 15 हजार रुपये, सोने व चांदी के जेवरात लूट लिए। राहगीरों के आने पर लुटेरे सुदनापुर की तरफ असलहा लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

यह है घटना: भरथीपुर निवासी दिनेश सोनी की सुदनापुर बाजार में ज्वैलरी की दुकान है। रोज की तरह वह अपने घर से बाइक पर सवार हो दुकान जा रहे थे। उन्होंने झोले में 15 हजार रुपये नकद, 20 ग्राम सोना व चांदी के जेवरात रखकर बाइक पर टांगा था। वे जब भटपुरा गांव में बड़ी नहर की पुलिया के पास पहुंचे, तभी काले रंग की स्पेलेंडर मोटर साइकिल पर तीन बदमाश आ गए। उन्हें गाली और धमकी देते हुए रास्‍ते में ही रोक लिया। दिनेश के गाड़ी रोकते ही बदमाशों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। विरोध करने पर तमंचा कनपटी पर सटा दिया और बैग में रखा नकदी व जेवरात छीन लिया। इसके पहले व्यवसायी गुहार लगाता सड़क पर कुछ राहगीर आते दिखाई पड़े। लोगों को आता देकर बदमाश तमंचा लहराते हुए लूटा हुआ सामान लेकर फरार हो गए। बदमाशों के भाग जाने के बाद दिनेश ने डायल-112 पर फोन किया और लूट की सूचना द्वारिकागंज चौकी इंचार्ज को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्‍थल की जांच की और दिनेश के बयान लिए। वहीं इस संबंध में द्वारिकगंज चौकी प्रभारी प्रवीण मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर ले ली गई है पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।