बांके बिहारी मंदिर प्रांगण के खंभे में आया करंट, कई श्रद्धालुओं को लगा झटका

मथुरा: वृन्दावन के सुप्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के प्रांगण में लगे लोहे के सजावटी खंभे में रविवार शाम अचानक करंट आ गया. जिससे कई श्रद्धालु उसके संपर्क में आने पर झटके का शिकार हो गए. गनीमत रही कि किसी श्रद्धालु को कोई बड़ी समस्या पेश नहीं आई. जानकारी मिलने पर लोग दूसरों को भी उस खंभे से बचकर निकलने की सलाह देते नजर आए.

मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों को पता चला तो उन्होंने तुरंत गड़बड़ी को दूर कराया. मंदिर के सामान्य प्रबंधक उमेश सारस्वत ने बताया कि रविवार रात करीब सवा आठ बजे मंदिर प्रांगण में फूलबंगला की सजावट को लगे एक लोहे के पोल में अर्थिंग आ गई थी. जिसके चलते कुछ श्रद्धालुओं ने खंभे से छू जाने पर झनझनाहट की शिकायत की थी. इस पर तुरंत ही कुछ समय के लिए मंदिर की पॉवर सप्लाई बंद कर सुधार करा दिया गया.