
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों ने रविवार को 2 युवकों की जंगल में ले जाकर क़त्ल कर दिया। मरने वालों में एक की उम्र 21 साल थी और दूसरा 15 वर्षीय नाबालिग था। नक्सलियों ने दोनों को मुखबिरी के इल्जाम में रविवार को जगरमुंडा थाना क्षेत्र में मिलमपल्ली इलाके में ले जाकर मारा है।

सुकमा के पुलिस अधीक्षक के एल ध्रुव ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया है कि नक्सलियों द्वारा मिलमपल्ली गाँव में मारे गए दोनों युवकों की लाशों को बरामद कर लिया गया है। शव के पास से बरामद नोट में नक्सलियों ने आरोप लगाया कि दोनों लड़के पुलिस के मुखबिर थे। जानकारी के मुताबिक, नक्सली इस इलाके के लोगों को नौकरी छोड़ने की धमकी देते थे। रविवार को नक्सलियों ने जिन दो युवकों की हत्या की, इनमें 21 वर्षीय युवक का भाई बस्तर बटालियन का जवान है, जबकि 15 वर्षीय स्कूली छात्र के पिता सहायक आरक्षक थे, जिन्होंने नक्सलियों द्वारा ढंकार जाने के बाद पुलिस की नौकरी छोड़ दी थी।
दोनों युवकों का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। मरने वालों के परिवार वालों का कहना है कि नक्सली दोनों युवकों को रात में घर से उठाकर जंगल की तरफ ले गए थे और उसके बाद उनका शव मिला।