
शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर दो नाबालिग लड़कियों को अगवा कर लिया गया। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पहले मामले में थाना हैबोवाल की पुलिस ने नाबालिग लड़की को अगवा करने के आरोप में गरेवाल कॉलोनी निवासी गुरकरण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 1 अप्रैल को घर से किसी को बगैर बताए कहीं चली गई थी। जब वह घर वापस ना लौटी तो उन्होंने तलाश शुरू की। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपित ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अगवा किया है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

केस-2 दूसरे मामले में थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने नाबालिग लड़की के अगवा होने की शिकायत पर गांव बथौली चोनक जिला समस्तीपुर बिहार निवासी दीनानाथ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी एक 16 वर्षीय बेटी है। 24 मार्च घर से कहीं गई थी। जब उन्होंने अपनी बेटी की तलाश की तो उन्हें पता लगा कि आरोपित उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है। जिसके बाद उन्होंने तुरंत कंट्रोल रूम पर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
केस-3 एक अन्य मामले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक 19 वर्षीय लड़की अगवा हो गई। परिवार की शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी 30 मार्च को घर से किसी को बगैर बताए कहीं चली गई थी। उन्होंने अपनी बेटी की काफी काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता ना लगा। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें शक है कि उनकी बेटी को किसी ने अगवा किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।