पंजाब में कोविड-19 का कहर, 24 घंटों में मिले 2319 नए मरीज, 58 लाेगों की मौत

पंजाब में कोरोना वायरस कहर बरपाने लगा है। राज्‍य में रोज काेराेना वायरस से संक्रमितोें की संख्‍या बढ़र रही है और इससे मारे जाने वालें लोगों के आंकड़े भी बढ़ रहे हैं। राज्‍य मे पिछले 24 घंटे के दौरान 58 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 2319 लोगों केे कोराेना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि भी हुई।

होशियारपुर में 10 और जालंधर व नवांशहर में नौ-नौ कोरोना मरीजों ने तोड़ा दम

2021 में एक दिन में कोरोना से मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। होशियारपुर में सबसे ज्यादा 10 लोगों की मौत हुई तो  जालंधर और नवांशहर में नौ-नौ लोगों ने दम तोड़ दिया। इन 58 मौतों में से 35 मौतें केवल दोआबा क्षेत्र में हुई हैैं। मालवा में 13 तो माझा में 10 लोगों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया। पंजाब में कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 6382 हो गया है।  

लुधियाना में संक्रमण के सबसे ज्यादा 341 व जालंधर में 309 नए केस आए सामने

इन मौतों के बीच राहत की बात केवल इतनी है कि इस दौरान 1870 लोगों ने कोरोना को मात दी, जबकि पिछले तीन दिन के मुकाबले 24 घंटे में नए संक्रमितों की संख्या में थोड़ी से कमी आई है। सोमवार को 2319 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पाजिटिव आई। इसके बाद राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 18628 हो गई है। इनमें से 270 मरीजों को आक्सीजन और 23 गंभीर मरीजों को वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

दोआबा के सभी जिलों सहित 16 जिलों में हुईं मौतें

सेहत विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इस साल 24 घंटे में पंजाब के 16 जिलों में कोरोना के कारण सर्वाधिक मौतें हुईं हैैं। होशियारपुर में 10, जालंधर और नवांशहर में नौ-नौ के अलावा अमृतसर व गुरदासपुर में चार-चार, तरनतारन, बठिंडा, फरीदकोट व कपूरथला में तीन-तीन, लुधियाना, मोहाली व रोपड़ में दो-दो और फाजिल्का, पटियाला और संगरूर में एक एक कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया।  

आठ जिलों में नए मरीजों की संख्या 100 के पार

पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब में एक भी ऐसा जिला नहीं है जहां नए मरीज सामने न आए हों। आठ जिले ऐसे रहे जहां नए मरीज रिपोर्ट होने का आंकड़ा 100 के पार रहा। इनमें से दो जिलों में नए संक्रमितों की संख्या 300 के पार रही। लुधियाना में सबसे ज्यादा 341, जालंधर में 309, मोहाली में 295, होशियारपुर में 230, अमृतसर में 210, पटियाला में 170, कपूरथला में 139 और गुरदासपुर में 104 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई।