छत्तीसगढ़: फिर लौट रहा कोरोना, राजधानी में एक दिन में मिले 200 से अधिक संक्रमित

कोरोना संक्रमण फिर लौटता नजर आ रहा है। राजधानी के साथ ही प्रदेश भर में संक्रमितों की संख्या कम होती नजर आ रही थी। मार्च से उसमें एकाएक तेजी आ रही है। शनिवार को राजधानी में 206 संक्रमित मिले हैं। वहीं राज्य में 543 मरीजों की पहचान की गई है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए केंद्र सरकार ने अलर्ट जारी किया है। इधर कलेक्टर ने भी कोरोना से बचाव के नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाने को लेकर आदेश जारी किया है।

इसमें बाजार, अस्पताल, फैक्ट्री समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने और शारीरिक दूरी का पालन करने को लेकर निर्देशित किया है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर थूकने को लेकर भी पाबंदी लगाई गई है। नियम का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाने के लिए कहा गया है।

मास्क, शारीरिक दूरी की अनदेखी पड़ रही भारी

जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल ने कहा कि मास्क, शारीरिक दूरी की अनदेखी भारी पड़ रही है। बढ़ते संक्रमण के बीच लोग बचाव के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में खुद के साथ दूसरों को भी खतरे में डाल रहे हैं। संक्रमण को लेकर जागरूकता जरूरी है। डॉ. मीरा ने कहा कि 45 से 59 साल के वे लोग जिन्हें कोई बीमारी है और 60 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति कोरोना टीका लगवा सकता है। पहला डोज लगवाने के 28 दिनों बाद दूसरा डोज लगाना जरूरी है। प्राइवेट अस्पतालों में 250 स्र्पये और सरकारी अस्पतालों में निश्शुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।

लापरवाहों पर लगेगा जुर्माना

सार्वजनिक स्थानों पर मास्क, फेस कवर न लगाने पर – 100 रुपये

होम क्वारंटाइन के दिशा निर्देशों का पालन न करने पर – 1000 रुपये

सार्वजनिक स्थानों पर थूकते पाए जाने पर- 100 रुपये

दुकानदार, व्यावसायिक संस्थानों पर शारीरिक दूरी का पालन न होने पर – 200 रुपये

पांच दिनों में कोरोना की स्थिति

मार्च – राज्य – रायपुर

09 – 390 – 161

10 – 456 – 135

11 – 378 -155

12 – 447 – 121

13 – 543 – 206

छत्तीसगढ़ कोरोना मीटर

नए – 543

सक्रिय – 3,570

स्वस्थ – 3,09198

कुल – 3,16,854

मौत – 3,886

जांच – 49,15,341

वर्जन

कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। लोगों को सतर्क रहना होगा। मास्क, शारीरिक दूरी का पालन करना जरूरी है। संक्रमण के लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच कराएं। प्रशासन ने सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है।