पंजाब के बरनाला में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक ट्राला और ब्रीजा कार की भीषण टक्कर में तीन लोगों की गई जान

बरनाला-रायकोट रोड पर गांव वजीदके नजदीक रविवार सुबह करीब सात बजे ट्रक ट्राला और ब्रीजा कार की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे में दो व्यक्तियाें ने घटनास्थल पर और एक ने सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में दम ताेड़ दिया। एक महिला गंभीर घायल हो गई, जिसको नाजुक हालत में पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

 कार सवार चिंतपूर्णी (हिमाचल प्रदेश) से हरियाणा के कालांवाली में जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे में मारे गए लोगों में से अब तक दाे की पहचान संजय उर्फ भोला और कमलदीप जिंदल निवासी कालांवाली के तौर पर हुई है। वहीं एक मृतक और पीजीआइ में रेफर महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे के बाद ट्रक ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।

 लाेगाें के अनुमान मुताबिक ट्राला चालक ने एकदम से आहलूवालिया पेट्रोल पंप की तरफ ट्राला मोड़ दिया, जिस कारण कार ट्रक ट्राला के नीचे जा घुसी और यह हादसा हाे गया। सड़क हादसे के मामले में थाना ठुलीवाल की पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन सिविल अस्पताल में पहुंच इस मामले में मृतकों और घायल महिला की पहचान कर रहा है और परिवारिक सदस्यों के बयान पर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।