
कंपनी का सदस्य बनाकर पैसे डबल करने का झांसा देकर हरियाणा के दो लोगों ने महिला से लाखों रुपये की ठगी कर ली। अब थाना सदर पुलिस ने दोनों के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने तथा अमानत में ख्यानत करने के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।

एएसआइ रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी पहचान हरियाणा के हिसार निवासी राधे श्याम तथा हरियाणा के फतेहाबाद स्थित टिब्बी निवासी बंसी लाल के रूप में हुई। पुलिस ने धांधरां रोड के एसबीएस नगर की गली नंबर 20 निवासी सुनीता देवी की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। उसने जुलाई 2019 में पुलिस कमिश्नर से मिल कर आरोपितों के खिलाफ शिकायत दी थी। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपित राधे श्याम फ्यूचर केयर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का सीओ डायरेक्टर है।
एक जानकार के माध्यम से वह उसके संपर्क में आए। आरोपितों ने उन्हें बताया कि उनकी कंपनी की एक आईडी 7500 रुपये की है। वह उनकी कंपनी की जितनी ज्यादा आइडी खरीदेंगी, उन्हें हर महीने मोटी रकम ब्याज के रूप में मिलेगी। उसकी बातों में आकर सुनीता देवी व उसके पति संदीप कुमार ने आरोपितों की कंपनी में 37.12 लाख रुपये जमा करा दिए। यह रकम अलग अलग समय में बैंक के माध्यम से उन्हें ट्रांसफर की गई।
इतनी रकम जमा कराने के बाद भी महिला को ब्याज के रूप में एक पैसा नहीं मिला। उसके बाद जब उसने आरोपितों से अपनी रकम वापस करने के लिए कहा तो पहले टालमटोल और बाद में वो उसे धमकाने लगे। मामले की जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी। डीए लीगल की राय लेने के बाद पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।