197 किलो हेरोइन मिलने के मामले में नया खुलासा, तमन्ना गुप्ता ने खुद को बताया था सुखविंदर की पत्नी

30 जनवरी 2020 की रात अकाली नेता अनवर मसीह की कोठी से पकड़ी गई 197 किलो हेरोइन के मामले में एक साल की जांच के बाद नया मोड़ आया है। दबिश के दौरान एसटीएफ के आला अधिकारी जिस तमन्ना गुप्ता का कम कसूर बता रहे थे, अब उसके खिलाफ पुलिस के हाथ नए सुराग लगे हैं।

बताया जा रहा है कि खुद की रिहाई की गुहार लगा रही तमन्ना के बचने का अब कोई रास्ता नहीं रहा। एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि तमन्ना ने जिम ट्रेनर सुखविंदर सिंह की पत्नी बनकर आकाश विहार में स्थित अकाली नेता अनवर मसीह से उसकी कोठी रहने के लिए किराये पर ली थी। उधर, पुलिस ने इस केस को कोर्ट में पेश कर दिया है। आने वाले दिनों में मामले में सुनवाई भी शुरू होने वाली है।

हेरोइन तैयार करने वाली पकड़ी थी फैक्ट्री

एसटीएफ ने 30 जनवरी की रात आकाश विहार स्थित अकाली नेता अनवर मसीह की कोठी से 197 किलो हेरोइन, 205 लीटर केमिकल, 39 किलो संदिग्ध पाउडर, 26 किलो केफेन पाउडर और एक लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की थी। पुलिस ने कोठी से तमन्ना, उसके प्रेमी कपड़ा कारोबारी अंकुश कपूर, नौशहरा खुर्द के जिम ट्रेनर सुखविंदर सिंह, मेजर सिंह, सुखबीर सिंह उर्फ हैप्पी, अफगान नागरिक अरमान बशअरमल को गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया था कि उक्त कंसाइनमेंट को पांच सौ किलो में बदलने के लिए अफगान नागरिक को पांच करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था। इसके बाद पुलिस ने पंजाबी अभिनेता मनतेज मान उर्फ मान, मनी एक्सचेंजर हनीत सिंह, अकाली नेता अनवर मसीह, कांग्रेस नेता प्रदीश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था।

समुद्र मार्ग से पहुंची थी खेप गुजरात

जांच में सामने आया था कि यह 297 किलो हेरोइन की खेप लगभग चार साल पहले समुद्र मार्ग से इटली में रहने वाले सिमरजीत सिंह ने गुजरात बंदरगाह पर भेजी थी। सौ किलो हेरोइन को पहले ही ठिकाने लगा दिया गया और घटना से कुछ दिन पहले उक्त खेप ट्रक में डालकर अमृतसर भेजी गई थी। इसे पहले साहिल शर्मा ने छेहरटा में रखवाया और फिर उसे उक्त आरोपितों के मार्फत अनवर मसीह की कोठी में पहुंचाया था। वहां हेरोइन में मिलावट करके उसे स्थानीय बाजारों में बेचा जाना था। मामले में अनवर मसीह को इलाज के लिए पैरोल दी गई है। इसके अलावा सभी आरोपित जेल में बंद हैं। एसटीएफ के डीएसपी अरुण शर्मा और डीएसपी वरिंदर महाजन ने बताया कि मामले की कई कडिय़ों पर जांच आज भी जारी है।