
शहर के ज्वाला नगर की लड़की घर से स्कूल के लिए गई लेकिन दोबारा मां-बाप के पास नहीं लौटी। 15 साल की छात्रा मकसूदां स्थित एक स्कूल में 10वीं में पढ़ती है। उसके संदिग्ध हालात में लापता होने से घरवाले परेशान हैं। उन्होंने उसे आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के घर तलाश किया पर उसका कहीं कोई पता नहीं चला। थक हार कर उन्होंने पुलिस की शरण ली है। पिता के बयान पर थाना-1 की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर लड़की को बहला-फुसला कर ले जाने का मामला दर्ज किया है।

गुरनाम सिंह ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी मकसूदां के स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा है। वह सुबह साढ़े आठ बजे स्कूल पढ़ने घर से पैदल ही गई थी। स्कूल से तीन बजे छुट्टी होने पर वह लौटती थी। बुधवार को वह घर नहीं लौटी। थोड़ी देर में आ जाएगी, यह सोचकर उन्होंने कुछ देर इंतजार किया। जब नहीं लौटी तो वह बेटी के स्कूल गया। वहां पूछताछ करने पर पता चला कि बेटी स्कूल गई ही नहीं थी।
पिता ने कहा, कोई बहला-फुसला कर ले गया बेटी को
गुरनाम सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई बहला-फुसला कर शादी कराने का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बेटी की तलाश करने की गुहार लगाई है।
मां ने पतंग उड़ाने पर डांटा तो घर से भागा बच्चा
जालंधर। गणतंत्र दिवस के मौके पर बस्ती दानिशमंदा लसुड़ी मोहल्ले से एक बच्चा लापता हो गया है। पिता चंद्रशेखर ने बताया कि बेटे 11 वर्षीय अंश को उसकी मां ने पतंग उड़ाने से डांटा था। जिसके बाद वो कहीं चला गया और घर नहीं लौटा। उन्होंने आस-पड़ोस में काफी तलाश की। उसके दोस्तों व जानकारों के घर पर भी पता किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने थाना-पांच में शिकायत दी है। पुलिस ने अंश की तस्वीर सभी थानों में शेयर करके जांच शुरू कर दी है।