छत्तीसगढ़: क्रिकेट सट्टा में हारे रुपये न चुकाने पर भिलाई में हुई मारपीट, मामला दर्ज

भिलाई में क्रिकेट सट्टा में हारे रुपये की वसूली को लेकर मारपीट की घटना हुई है। शिकायतकर्ता सट्टा में 25 हजार रुपये हार गया था, जिसमें से उसने 10 हजार रुपये आरोपित को दिए थे और 15 हजार रुपये बकाया थे। शिकायतकर्ता वो रुपये आरोपित को नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर आरोपित ने उससे मारपीट की। शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बताया कि लुचकीपारा दुर्ग निवासी शिकायतकर्ता शेख रोशन ने महीने भर पहले तकियापारा दुर्ग निवासी आरोपित गोपाल कसेर से मैच की आईडी ली थी। उक्त आईडी पर उसने मैच पर सट्टा खेला और 25 हजार रुपये हार गया। हारे गए रुपये में से 10 हजार रुपये उसने आरोपित को दिए थे। बाकी के 15 हजार रुपये बाकी थे। शुक्रवार को शिकायतकर्ता अपने पान ठेले पर बैठा था।

इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपित वहां पहुंचा और बाकी के 15 हजार रुपये मांगे। शिकायतकर्ता ने अभी रुपये न होने की बात कही तो आरोपित ने उससे मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपित ने उस पर चाकू दिखाकर धमकी दी कि यदि वो उसे रुपये नहीं देगा तो वो उसे जान से मार देगा।

दुकान के पास मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव किया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने दुर्ग कोतवाली थाना पहुंचकर घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। यहां उल्लेखनीय है कि पुलिस जिले में हर तरह के सट्टा के बंद होने का दावा करती है, लेकिन ये घटना पुलिस के दावे की पोल खोल रही है।