
राजधानी रायपुर में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी और एक साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी। पति ने पहले चाकू के वार से पत्नी की हत्या की। इसके बाद घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूर रेल पटरी पर बेटी को लेटाकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या का यह मामला तेलीबांधा पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम जोरा का है। पुलिस के मुताबिक आरोपित विक्की यादव (20) ने अपनी पत्नी रोमा यादव (19) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और एक साल की मासूम बेटी को मंदिर हसोद इलाके में ट्रेन की पटरी पर फेंक दिया, जिसके बाद ट्रेन से कटकर उसकी भी मौत हो गई। मासूम का शव मंदिर हसौद थाना पुलिस ने बरामद कर लिया है।
आरोपित युवक पर रोमा यादव ने दो साल पहले दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था। इस मामले में आरोपित युवक को जेल भी हुई थी। जेल से छूटने के बाद भी दोनों आपस मे मिलते थे। इस दौरान वह गर्भवती भी हुई और एक बेटी को जन्म दिया। दोनों की शादी हुई या नहीं, इसको लेकर संशय बना हुआ है। शुक्रवार रात रोमा अपनी बेटी को लेकर विक्की से मिलने जोरा पहुंची थी।
जहां किसी बात को लेके मामूली विवाद के बाद सिरफिरे पति ने पहले रोमा को मौत के घाट उतारा और फिर मासूम बच्ची को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित हत्यारे को गिरफ़्तार कर उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
रेप के आरोप में जेल भेजने की बात पर हुआ था झगड़ा
रायपुर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कुछ घंटे के भीतर आरोपित पति को धर दबोचा। आरोपित ने महिला और मासूम बच्ची की हत्या करना कुबूल कर लिया है। घटना को लेकर पुलिस को शक है कि आरोपित ने महिला से बदला लेने के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
पूछताछ में ये बातें सामने आई है कि महिला ने दो साल पहले आरोपित पर रेप का आरोप लगाया था। इससे वह जेल गया था। कुछ महीने पहले ही विक्की जेल से जमानत पर रिहा हुआ। शुक्रवार रात ही मृतिका रोमा यादव अपने पति से मिलने जोरा आई थी। जेल जाने की बात को लेकर विक्की का रोमा से विवाद हुआ था। इसके बाद विक्की ने पत्नी फिर बेटी की हत्या कर दी।
बच्ची के हो गए दो टुकड़े
टीआइ विनीत दुबे ने बताया कि जोरा में कृषि मेला मैदान के पीछे दोपहर के समय मैदान में एक महिला और मंदिर हसोद इलाके में बच्ची का शव वहां से गुजर रहे लोगो ने देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। शव को देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे आरोपी ने पहले महिला से विवाद किया, उसके बाद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। महिला की हत्या के बाद आरोपी ने मासूम बच्ची को रेलवे ट्रेक में फेंक दिया। ट्रेन की चपेट में आने के बाद बच्ची के दो टुकड़े हो गए। पुलिस ने महिला और बच्चे का शव बरामद कर लिया है।
चार साल तक लिव इन रिलेशन, फिर चरित्र संदेह
पूछताछ के दौरान कई बातें सामने आ रही हैं। आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि चार साल तक लिव इन रिलेशन में रोमा के साथ रहे आरोपित विकास यादव उर्फ विक्की को शक था कि रोमा का किसी और से संबंध चल रहा है। इसी बात पर दोंनो में विवाद हुआ। सूत्रों का कहना है कि मजदूरी करने वाले विक्की ने बदला और चरित्र संदेह की वजह से रोमा की हत्या की। बेटी को क्यों मारा, इस बात का जवाब अब तक वह नहीं दे सका है।