
दशमेश पिता श्री गुरु गोबिद सिंह के प्रकाश पर्व के मौके पर शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में बड़ी संख्या में सुबह से ही श्रद्धालु पहुच रहे हैं। सुबह कड़कड़ाती ठंड के बावजूद श्रद्धालु गुरुद्वारों में माथा टेकने पहुंचे। हालांकि दोपहर होते होते मौसम ने करवट ली और सूर्यदेव ने दर्शन दे दिए।

इसके बाद ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कोरोना के मद्देनजर गुरुद्वारों में विशेष प्रबंध किए गए थे। शहर में श्रद्धालुओं की ओर से जगह-जगह लंगरों का आयोजन भी किया गया है। शहर के प्रमख गुरुद्वारों में सुबह ही श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। कोरोना के कारण इस बार गुरुद्वारों में हाथ धोने के लिए लिक्विड हैंडवाश के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। अधिकांश श्रद्धालु कोविड नियमों का पालन करते नजर आए।
श्रद्धालुओं ने गुरुबाणी का श्रवण किया और अरदास की। पटियाला रोड स्थित गुरुद्वारा नाभा साहिब में खास बात यह नजर आई कि बाहर दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने किसानों के समर्थन में पोस्टर बैनर लगाए हुए थे। वहां मौके पर एक श्रद्धालु हरकीरत सिंह ने कहा कि उसने किसानों को लेकर अरदास की कि जल्द इस मसले का हल हो जाए।