
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान साथ में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह भी मौजूद रहे। हेमंत सोरेन रविवार को नई दिल्ली रवाना हुए थे। वे वहां यूपीए गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी उनकी मुलाकात हो सकती है। 20 सूत्री समितियों के गठन की प्रक्रिया समेत अन्य राजनीतिक मसलों पर वे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से विचार- विमर्श कर सकते हैं।
ठंड कम होने पर लौटेंगे शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने कहा है कि चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कालेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) के डाक्टरों ने शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को नवजीवन दिया है। सफल लंग्स ट्रांसप्लांट से ही शिक्षा मंत्री ने कोरोना को मात दी है। अब वे बिल्कुल ही स्वस्थ हैं। ठंड कम होते ही वे लौट आएंगे। रविवार को चेन्नई से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से वह दैनिक जागरण से बात कर रही थीं।
इस बीच कुछ पल के लिए शिक्षा मंत्री भी सामने आए और जागरण के साथ अपनी दिनचर्या साझा की। बेबी देवी ने बताया कि झारखंड सरकार व स्वजनों ने उन्हें कुछ और दिन आराम करने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने खुद कहा है कि जब तक ठंड में थोड़ी कमी न आए तब तक वे चेन्नई में ही आराम करें। चेन्नई का मौसम थोड़ा गर्म है, जिससे उन्हें लाभ मिल रहा है। बता दें कि शिक्षा मंत्री की पत्नी बेबी देवी अपनी तीनों पुत्रियों के साथ चेन्नई एमजीएम गत 14 जनवरी को ही पहुंची है।