
भारत और पुर्तगाल ने बुधवार को रक्षा, सुरक्षा और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनके पुर्तगाली समकक्ष अगस्तो सेंटोस सिल्वा ने बुधवार को वर्चुअल बैठक की। इसमें उन्होंने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इन क्षेत्रों में प्रवासन, रक्षा सहयोग शामिल हैं। दोनों विदेश मंत्री आर्थिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने पर भी सहमत हुए।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वार्ता में दोनों विदेश मंत्रियों ने 2021 से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की उपस्थिति के संदर्भ में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर निकट संपर्क और समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति व्यक्त की। दोनों नेताओं ने कोविड-19 महामारी के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग और इस बीमारी के बाद के परिदृश्य में सहयोग की संभावनाओं की व्यापक समीक्षा की।
जयशंकर और सिल्वा ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों पर भी चर्चा की। मंत्रालय ने कहा कि दोनों विदेश मंत्री 2021 में पुर्तगाल की अध्यक्षता में भारत-यूरोपीय संघ बैठक के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए। उस बैठक के लिए पुर्तगाली प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा ने पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेज दिया है।
भारत-खाड़ी क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं
विदेश मंत्रालय में सचिव संजय भट्टाचार्य ने एक कार्यक्रम में बुधवार को कहा कि भारत और खाड़ी क्षेत्र के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। दोनों पक्ष भारत के विभिन्न हिस्सों में तेल और गैस भंडार विकसित में साझेदारी की संभावनाएं तलाश सकते हैं।