
बेंगलुरु पुलिस ने जाली स्टांप पेपर रैकेट का पर्दाफाश किया है और चार लोगों से 2.71 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित स्टांप पेपर जब्त किए हैं। चारों को शनिवार को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इनकी पहचान विवेक नगर निवासी हसैन मोदी बाबू उर्फ ‘छोटा तेलगी’ और बासावेसज्वारा नगर निवासी हरीश सुब्बाराया के रूप में की गई है। अन्य दो आरोपितों में शावर उर्फ सीमा और नजमा फातिमा हैं। ये दोनों शहर के राजस्व भवन के पास टाइपिस्ट के रूप में कार्यरत हैं।

पश्चिम बेंगलुरु शहर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सौमेंदु मुखर्जी ने कहा कि हसैन मोदी बाबू को उसके सहयोगी छोटा तेलगी के नाम से जानते हैं। पिछले बीस साल से वह यह रैकेट चला रहा है। वह शहर के सबसे व्यस्त इलाके में अपना कारोबार चलाता था। इसी इलाके में सिटी सिविल कोर्ट परिसर और राजस्व भवन स्थित है।
यहां हजारों लोग अपना दस्तावेज रजिस्टर्ड कराने और नोटरी से दस्तखत कराने के लिए पहुंचते हैं। बाबू अपने सहयोगियों हरीश, सीमा और नजमा के माध्यम से ग्राहकों को फंसाता था। मुख्य आरोपित मात्र सातवीं पास है।