जेईई एडवांस 2020 परिणाम: कानपुर जोन टाॅपर बने आदित्य जैन, छात्राओं में श्रेया रहीं प्रथम

जेईई एडवांस का परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित होने के साथ सफल परीक्षार्थियों के सामने देशभर की 23 आइआइटी में प्रवेश के दरवाजे खुल गए। कानपुर जोन में आदित्य जैन 24वीं रैंक के साथ अव्वल रहे हैं और दूसरे स्थान पर आकर्ष जैन ने 70वीं रैंक प्राप्त की है। इसी तरह 98वीं रैंक के साथ ऋषि जैन तीसरे, 133वीं रैंक के साथ ताहिर यूसुफ चौथे स्थान पर हैं। जबकि अर्पित कुमार राय ने 155वीं रैंक के साथ कानपुर जोन में पांचवां स्थान प्राप्त किया, वहीं छात्राओं में श्रेया मोघे अव्वल रहीं हैं।

जेईई एडवांस्ड 2020 का रिजल्ट सोमवार को घोषित हो गया, इसमें देश भर से जेईई मेन्स के करीब ढाई लाख सफल अभ्यर्थी शामिल हुए। इस वर्ष आइआइटी दिल्ली की ओर से जेईई एडवांस्ड 27 सितंबर को हुआ था। जेईई एडवांस्ड के सफल छात्रों को आइआइटी में एडमिशन मिलेगा। कानपुर जोन से 21505 छात्र पंजीकृत हुए थे, जिसमें 97 फीसद ने परीक्षा दी। कानपुर शहर से 2974 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 2922 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। विशेषज्ञों की माने तो पिछले वर्ष की तुलना में कानपुर जोन की रैंक गिरने के कारण परीक्षा परिणाम इस वर्ष कम रहा है।

कानपुर रीजन में यूपी के शहर : गोरखपुर, फैजाबाद अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी।

कानपुर रीजन में एमपी के शहर : सतना, सागर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर।