बॉब वुडवर्ड की किताब में एक और राज़ खुला, अमेरिका और नॉर्थ कोरिया में हो सकता था परमाणु युद्ध

अमेरिकी खोजी पत्रकार बॉब वुडवर्ड की किताब के हर पन्ने कुछ न कुछ नई कहानी बयां कर रहे हैं। अब उनकी किताब में एक नया खुलासा हुआ है। नए खुलासे के तहत किताब में ये भी लिखा गया है कि सुपर पॉवर अमेरिका और नॉर्थ कोरिया तानाशाह किम जोंग उन युद्ध के बेहद करीब आ गए थे। दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध की संभावना बन गई थी, यहां तक की अमेरिका के पूर्व रक्षा सचिव जेम्स मैटिस ने सेना को ये भी आदेश दे दिया था कि यदि नॉर्थ कोरिया की ओर से किसी भी तरह की कोई भी मिसाइल आती दिखे तो उसे रास्ते में ही खत्म कर दिया जाए, उसे मिसाइल से उड़ा दिया जाए।

न्यूयॉर्क टाइम्स न्यूज सर्विस ने भी बॉब वुडवर्ड की किताब में किए गए खुलासे की कई जानकारियां प्रकाशित की है। रेज (RAJE) नामक अपनी नई पुस्तक में वुडवर्ड ने ट्रंप और नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग-उन के व्यक्तिगत पत्रों और तस्वीरों के आदान प्रदान किए जाने का भी जिक्र किया है। बॉब वुडवर्ड ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें बताया कि अमेरिका नॉर्थ कोरिया के साथ युद्ध करने के करीब था, इस बारे में बहुत ही कम लोगों को पता था, यदि ये बात किसी तरह से आम जनता के बीच पहुंच जाती तो हालात बहुत खराब हो जाते।