आज 500वें शिकार पर होंगी स्टुअर्ट ब्रॉड की निगाहें, बन जाएंगे दुनिया के सातवें गेंदबाज

इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने पहले मैच में हुई अपनी अनदेखी को शायद ज्यादा संजीदगी से ले लिया। यही कारण है कि दूसरे टेस्ट के बाद वह तीसरे टेस्ट में भी कहर बरपा रहे हैं। इंग्लैंड ने 34 साल के ब्रॉड को वेस्टइंडीज के खिलाफ साउथैंप्टन में पहले टेस्ट में नहीं खिलाया था, जिससे वह काफी नाराज हुए थे। इंग्लैंड की टीम पहला मैच हार गई। दूसरे मैच में ब्रॉड की वापसी हुई और उन्होंने छह विकेट लिए।

अब मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में पहले तो उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और फिर गेंद से भी कहर बरपाया। वह अब तक इस मैच में आठ विकेट झटक चुके हैं। वह टेस्ट करियर में 500 विकेट लेने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। वह सोमवार को मैच के चौथे दिन यह कारनामा भी पूरा कर लेंगे। वेस्टइंडीज को मैच और सीरीज जीतने के लिए 389 जबकि इंग्लैंड को सिर्फ आठ विकेट की दरकार है।