
भारतीय महिला वनडे टीम की कप्तान मिताली राज ने आज ही के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। डेब्यू भी ऐसा नहीं कि कोई औसत रहा हो, उन्होंने शतकीय पारी खेलकर सभी को हैरान कर दिया था। 1999 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाली मिताली राज आज भी भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सक्रीय हैं। अगर मिताली राज को भारतीय महिला क्रिकेट की सचिन तेंदुलकर कहा जाए तो इसमें कोई बुराई नहीं होगी।

मिताली ने आज ही के दिन 26 जून 1999 को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उस मैच में मिताली ने ओपनिंग करते हुए 114 रन की पारी खेली थी। हालांकि, सचिन तेंदुलकर ने अपने डेब्यू मैच में कोई बड़ा स्कोर नहीं किया था, क्योंकि वे शुरुआत के कई साल मध्य क्रम में खेलते थे। दमदार शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आगाज करने वाली मिताली राज भारत की इकलौती ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने दो शतक से ज्यादा तक क्रिकेट खेली है।