दिल्ली-एनसीआर में अगले 72 घंटे में खत्म होने जा रहा मानसून का इंतजार, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

 दिल्ली-एनसीआर के लोगों का मानसून का इंतजार अगले 72 घंटे में खत्म होने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ( India Meteorological Department) पूर्वानुमान जताया है कि दिल्ली और पड़ोसी राज्य हरियाणा में 2 दिन पहले यानी 25 जून को मानसून दस्तक दे सकता है, इसके पूरे आसार बन रहे हैं। वहीं, इस बाबत मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश होने का पूर्वानुमान है। 24 और 25 जून को तो बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावना है कि इसी दौरान राजधानी में मानसून की दस्तक हो जाए। इस बार मानसून के दौरान दिल्ली-एनसीआर में ठीक-ठाक बारिश होने की आशंका है।

यह भी कहा जा रहा है कि बारिश से हवा में नमी की मात्रा भले बढ़ी रहे, लेकिन तापमान अब 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही रहने का अनुमान है। मानसून की दस्तक होने के बाद तापमान में और अधिक गिरावट होगी।स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत (Skymet Weather chief meteorologist Mahesh Palawat) के अनुसार मध्य पाकिस्तान में चक्रवाती हवा का एक क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती सिस्टम दक्षिणी पूर्वी उत्तर प्रदेश पर भी है। इन दोनों सिस्टम को एक ट्रफ रेखा जोड़ रही है जो पूर्वाेत्तर भारत तक पहुंच रही है। इसी के असर से दिल्ली के मौसम में यह बदलाव आया है। अगले एक सप्ताह के दौरान दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौरान जारी रहेगा।

IMD का कहना है कि 23 जून को मानसून मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों प्रभावित करते हुए दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल के कई क्षेत्रों को कवर कर लेगा। यूं तो राजधानी दिल्ली में मानसून के पहंचने की तारीख 27 जून है, लेकिन इस बार यह 2 दिन पहले यानी 25 जून को पहुंचेगा।