दिल्‍ली के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्‍येंद्र जैन की हालात में हुआ सुधार, प्‍लाज्‍मा थेरेपी से किया जा रहा इलाज

दिल्‍ली के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्‍येंद्र जैन की हालात में अब सुधार है। उनका प्‍लाज्‍मा थेरेपी से इलाज किया जा रहा है। डॉक्‍टरों के अनुसार प्‍लाज्‍मा थेरेपी से इलाज के बाद सत्‍येंद्र जैन की हालत में काफी सुधार हुआ है। ऑक्‍सीजन का लेवल भी शरीर में बढ़ा है और बुखार में भी कमी आई है। हालत में सुधार के बाद उन्‍हें सोमवार को जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है। यह जानकारी स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री के ऑफिस ने दी है।

बता दें कि सत्‍येंद्र जैन के कोरोना टेस्‍ट कराया था जिसमें पहली बार में रिपोर्ट निगेटिव आई थी हालांकि दूसरी बार फिर डॉक्‍टरों ने टेस्‍ट के लिए सैंपल भेजा था जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्‍हें बुखार और शरीर में ऑक्‍सीजन की मात्रा कम होने के बाद अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था।

सबसे पहले राजीव गांधी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था हालांकि बाद में उन्‍हें मैक्‍स अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि मैक्‍स अस्‍पताल को कोविड-19 अस्‍पताल में तब्‍दील किया गया है।