नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला आया सामने…

नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले से शादीशुदा युवक से धोखे से दहेज के लिए उसका विवाह करा दिया गया। जब वह गर्भवती हुई तो पति ने पेट में लात मार दी, वहीं सास-ससुर ने दर्द की गोली बता उसे दो गोली खिला दीं, जिससे उसका गर्भपात हो गया। गर्भपात में अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। रिपोर्ट पर महिला थाना पुलिस ने पति, सास-ससुर और देवर के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।

सोनपुरकला निवासी विवाहिता ने पुलिस को बताया है कि उसका विवाह 13 फरवरी 2019 को राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झींगों निवासी गणेश प्रसाद सोनी पिता सुरेश सोनी के साथ सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुआ था। विवाह में मांग के अनुरूप पिता ने तीन लाख 51 हजार रुपए के अतिरिक्त स्वर्ण आभूषण व घरेलू उपयोग की वस्तुएं दी थी। महिला के पति गणेश प्रसाद सोनी की मांग पर बुलेट मोटरसाइकिल एक लाख 80 हजार रुपए का दिया।

परंतु शादी के तीन माह बाद से ही पति, ससुर एवं ससुराल वालों के द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और घर से बाहर निकाल दिया गया। नवविवाहिता का आरोप है कि जब वह गर्भ से थी तो 18 नवंबर 2019 की रात पति से विवाद की स्थिति बनी और वह तुमसे बच्चा नहीं चाहिए, कहते हुए गाली-गलौज करने लगा। इस बीच उसने पहले से शादीशुदा होने और एक बच्चा होने की भी जानकारी दी। इस दौरान उसने पेट में जोर से लात मार दी, जिससे अचेत होकर दर्द से कराहने लगी।

सास-ससुर उसे अपने कमरे में सोने के लिए ले गए। एक घंटे बाद गणेश सोनी अपने माता-पिता को गोली देकर खिलाने कहा। इसके बाद विवाहिता की सास उस गोली को दर्द की गोली बताकर खिला दी, जिससे रात को ही गर्भपात हो गया। तबीयत बिगड़ने पर कई दिन तक ईलाज चला, तब सास ससुर और पति ने कहा कि गर्भपात में ज्यादा खून गिरा है, इसलिये ठीक होने में समय लगेगा। इसके बाद उसका पति लुक-छिपकर किसी दूसरी औरत से बात करता था, जिस पर आपत्ति करने पर वह उसे अपने विभाग का अधिकारी बताने लगा।

बाद में पता चला कि उसके पति का गांधीनगर चौक के सोनी मोहल्ला की एक महिला से पूर्व में विवाह हो चुका था, जिससे एक पांच माह का पुत्र भी है। महिला ने छलपूर्वक विवाहित व्यक्ति का दूसरा विवाह कराने और दहेज की राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया है कि सास-ससुर के द्वारा घर से एक लाख रुपए लाने के बाद ही घर में रहने के लिए दबाव बनाकर उसे निकाल दिया।

जब उसने अपने पति से बात की तो वह पहली पत्नी को भी साथ में रखने की बात कहने लगा। घर से निकालने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों और कथित पूर्व पत्नी द्वारा फोन में गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी से भयभीत होकर उसने पुलिस में रिपोर्ट लिखवाई। नवविवाहिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति गणेश प्रसाद सोनी के अलावा आशा सोनी, महेश सोनी, सुरेश सोनी के विरुद्ध धारा 34, 498-ए का मामला दर्ज किया है।