छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में आज एक साथ किया कई बड़े फेरबदल

छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में आज एक साथ कई बड़े फेरबदल किया है। आईपीएस अधिकारी नेहा चंपावत को गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो से जीपी सिंह की छुट्टी कर उनके स्थान पर रायपुर एसएसपी आरिफ शेख की पदस्थापना की है।

इसी प्रकार प्रदीप गुप्ता को संचालक लोक अभियोजक बनाया गया है। आज जारी हुए अलग-अलग आदेश को लेकर पुलिस मुख्यालय से लेकर महकमें में हलचल है। नेहा चंपावत छत्तीसगढ़ में गृह विभाग की पहली महिला विशेष सचिव होंगी। वे 2004 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आशय का आदेश जारी किया है।

इसी प्रकार गृह विभाग ने सोमवार को आदेश जारी कर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस प्रदीप गुप्ता को अस्थाई तौर पर संचालक, लोक अभियोजन की जिम्मेदारी दी है। गृह विभाग के अवर सचिव डीपी कौशल द्वारा जारी इस आदेश में संचालक, लोक अभियोजन नियुक्त करने के साथ आईपीएस गुप्ता को संचालक, राज्य न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

इसी प्रकार एक अन्य आदेश में ईओ डब्लयू में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जीपी सिंह के स्थान पर रायपुर एसएसपी आरिफ शेख को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए ईओडब्ल्यू का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ईओडब्लू प्रमुख जीपी सिंह को हटाकर पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है।