अखिल विश्व गायत्री परिवार ने एक साथ 15 करोड़ घरों में यज्ञ करने का रखा लक्ष्य….

गायत्री परिवार ने वैश्विक महामारी कोरोना से मुक्ति और वातावरण की शुद्धि के लिए गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ का आह्वान किया है। इसके तहत आज 31 मई को घर-घर में आयोजन किया जा रहा है। यज्ञ का समय सुबह से 12 बजे तक तथा शाम 5 से 7 बजे तक रखा गया है। अखिल विश्व गायत्री परिवार ने एक साथ 15 करोड़ घरों में यज्ञ करने का लक्ष्य रखा है। गायत्री परिवार का उद्देश्य एक लक्ष्य, एक प्रार्थना से भारत सशक्त, समृद्ध, विश्वगुरु बने, समस्त भारतवासी स्वस्थ रहें, सशक्त व समृद्ध बनें। सबका उज्जवल भविष्य हो। कोरोना वायरस महामारी से मुक्ति गायत्री परिवार का भी ध्येय है। गायत्री परिवार ने आह्वान किया है कि यज्ञ का समस्त सामान उपलब्ध हो तो यज्ञ अवश्य करें।

महामारी से मुक्ति के लिए गिरजाघरों में भी गूंजेंगी घंटियां

क्रिश्चियन समाज में ईश्वर की स्तुति के लिए रिंग, सिंग एंड प्रेयर का बड़ा ही महत्व है। खासकर बेल बजाकर प्रभु यीशू को प्रसन्न कर हर किसी के जीवन में सुख-शांति एवं खुशी के लिए प्रार्थना करने की परंपरा रही है। मौजूदा समय में कोरोना की वजह से उपजे संकटकाल में प्रभु की कृपा की आवश्यकता आन पड़ी है। इसी उद्देश्य को लेकर कोरबा व छत्तीसगढ़ समेत देशभर के मसीहीजन रविवार को दोपहर 12 बजे से दोपहर 12.20 बजे तक 20 मिनट घंटी बजाकर प्रभु से प्रार्थना करेंगे कि वे देश-दुनिया को इस महामारी से मुक्ति दिलाएं।

समाज के प्रदेश समन्वयक रवि पी सिंह ने कहना है कि रविवार के दिन देशभर में लगभग ढाई से तीन करोड़ मसीही समाज कोरोना संक्रमण से देश को बचाने के लिए प्रभु यीशू से प्रार्थना करेंगे। इस दौरान 20 मिनट तक वे चर्च का बेल बजाएंगे।

एक आवाज एक आशा का ध्येय रखते हुए देश के लिए प्रार्थना करने का निर्णय लिया गया है। 31 मई को दोपहर 12 बजे से 12.20 तक मसीही समाज में घंटी बजाना और स्तुति, आराधना गीत के लिए दोपहर 12 से 12.10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद घंटी की ध्वनि को मोबाइल फोन से बजाना और हाल्लेलुयाह गीत को एक साथ गाने के लिए कहा गया है।