पुराने डेबिट कार्ड से भी होते हैं फ्रॉड, बेकार समझकर न फेंकें

देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने एटीएम से बढ़ते फ्रॉड को देखते हुए अलर्ट जारी किया है कि पुराने और एक्सपायरी कार्ड को रखने में लापरवाही न बरतें बल्कि उसे भी उतनी ही सुरक्षा के साथ रखें, जितना नए कार्ड को रखते हैं। ये चेतावनी मैग्नेटिक स्ट्रिप वाले कार्ड्स से बढ़ती धोखाधड़ी के बाद जारी की गई है।

स्टेट बैंक ने ग्राहकों के लिए सतर्कता के टिप्स जारी किए हैं। दरअसल मैग्नेटिक स्ट्रिप वाले कार्ड्स के स्थान पर बैंकों ने चिप आधारित डेबिट कार्ड जारी कर दिए हैं। नया कार्ड आने के बाद ग्राहकों ने पुराने कार्ड को बेकार समझकर फेंक दिया या लापरवाही बरती। इसका फायदा हैकरों ने उठाया क्योंकि उस कार्ड पर आपका 16 या 19 डिजिट नंबर होता है। जिसका इस्तेमाल हैकरों ने किया और खातों को साफ कर दिया। आरबीआई ने इसे पुष्ट करते हुए कहा है कि लोकपाल को मिली कुल शिकायतों में 27 फीसदी ऐसे ही मामलों से जुड़ी हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

  • बैंक के अनुसार ज्यादातर यूजर्स एटीएम से पैसा निकालते वक्त उसमें ब्लिंक करने वाली लाइट पर ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे में फ्रॉड होने का खतरा बढ़ जाता है। यह जरूरी है कि एटीएम से निकलने के पहले यह जरूर चेक कर लें, कि एटीएम ग्रीन कलर में लाइट चमक रही या नहीं।
  • एटीएम स्लिप को कभी भी उसके केबिन में मत फेंके। बैंक के अनुसार स्लिप में आपके बैंक अकाउंट की डिटेल होती है। ऐसे में स्लिप का इस्तेमाल अकाउंट हैक करने में किया जा सकता है। स्लिप को हमेशा छोटे-छोटे टुकड़ों में फाड़कर भी डस्टबिन में फेंके। इसके लिए कोशिश करें की स्लिप प्रिंट करने का ऑप्शन एटीएम को न दें, क्योंकि आपके सारे ट्रांजेक्शन डिटेल ऑनलाइन और मोबाइल पर आ ही जाती है।
  • शॉपिंग के दौरान पिन डालते समय होटल, शॉप, पेट्रोल पंप या दूसरी जगहों पर चौकन्ना रहें। एटीएम में पैसे निकालते वक्त भी यूजर पिन फीड करने में सेफ्टी नहीं बरतते हैं। 48 फीसदी फ्रॉड के मामले ऐसे ही हैं।
  • बैंक के अनुसार आजकल ऑनलाइन शॉपिंग के ऑप्शन बहुत सारे अस्थायी इवेंट में भी मौजूद होते हैं। मसलन मैच, ट्रेड फेयर, ऑटो फेयर, कई सारी प्रदर्शनी, दूसरे स्टेज शो में भी कई सारे अस्थायी स्टॉल लगाए जाते हैं। वहां पर भी कार्ड से पेमेंट होता है। ऐसे में वहां कार्ड पेमेंट से बचें या फिर केवल प्रतिष्ठित कंपनी के स्टॉल पर ही कार्ड का इस्तेमाल करें।
  • कई बार हम अकाउंट नंबर को मोबाइल से लिंक करते हैं। ऐसे में एटीएम से फ्रॉड होने पर हमें रियल टाइम जानकारी नहीं मिलती है। ऐसे में अपने अकाउंट को हमेशा आपके द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल नंबर से जरूर लिंक करें।