साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का हुआ समापन…

ICC T20 Rankings: रविवार को साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का समापन हुआ है। इसके बाद सोमवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने आइसीसी की मौजूदा टी20 रैंकिंग जारी कर दी है। आइसीसी की टी20 रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और उपकप्तान रोहित शर्मा को झटका लगा है, जबकि इंग्लैंड टीम के कप्तान इयोन मोर्गन टॉप 10 में शामिल हो गए हैं।

आइसीसी टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम जहां नंबर वन पर हैं। वहीं, भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल नंबर 2 पर बने हुए हैं। उधर, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेली गई टी20 सीरीज में तूफानी बल्लेबाजी करने वाले इंग्लिश कैप्टन इयोन मोर्गन 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इनके अलावा भारतीय टीम के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली 9वें से 10वें स्थान पर फिसल गए हैं, जबकि ओपनर रोहित शर्मा टॉप 10 से बाहर हो गए हैं।

केएल राहुल ICC T20 रैंकिंग में टॉप भारतीय बैट्समैन

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में 224 रन बनाए थे। इस तरह वे बाबर आजम के बाद दूसरे स्थान पर पहुंचे थे। हालांकि, अभी भी केएल राहुल और बाबर आजम में काफी अंतर हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी मैच में तूफानी अर्धशतक जड़ने वाले इयोन मोर्गन ने 3 मैचों में 136 रन बनाए थे। इसी के साथ वे आइसीसी टी20 रैंकिंग में विराट और रोहित को पीछे छोड़कर 11वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

उधर, साउथ अफ्रीकी टीम के कप्तान क्विंटन डिकॉक ने 10 पायदानों की छलांग लगाई है। इंग्लैंड के खिलाफ 31, 65 और 35 रन की तूफानी पारी खेलने वाले डिकॉक 26वें पायदान से 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। आइसीसी की गेंदबाजी टी20 रैंकिंग की बात करें तो इसमें राशिद खान नंबर वन बने हुए हैं। वहीं, ऑलराउंडर्स की आइसीसी टी20 रैंकिंग में अफगानिस्तान टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी नंबर एक पर विराजमान हैं।