आईये जानते हैं इस विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी सारी जानकारी…

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर अब सभी पार्टियों के प्रत्‍याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। सभी के अपने दावे और वादे हैं। दिल्‍ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक घोंडा भी है। आईये जानते हैं इस विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी सारी जानकारी।

श्रीदत्त शर्मा, विधायक, घोंडा

उम्र : 58

शिक्षा : बारहवीं पास

विधानसभा क्षेत्र : घोंडा

राजनीतिक दल : आम आदमी पार्टी

विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग स्टेशन की संख्या : 39

मतदाता 

कुल मतदाता : 2,20,596

पुरुष मतदाता : 120,351

महिला मतदाता : 1,00,245

अन्य : 0

(नोट : चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़े)

घोंडा से मौजूदा विधायक श्रीदत्‍त शर्मा 2013 से पहले कांग्रेस में थे। लेकिन, बाद में उन्‍होंने अन्ना आंदोलन से प्रभावित होकर कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया और आप में शामिल हो गए थे। 2015 में पार्टी ने उन्हें घोंडा विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया। उनसे पहले इस सीट पर भाजपा के साहिब सिंह चौहान का कब्जा था। उन्होंने उक्त चुनाव में साहिब सिंह चौहान को करीब आठ हजार मतों से करारी शिकस्‍त दी थी।

उपलब्धियां

-11हजार किलोवाट की लाइन लोगों की छतों से जा रही थी, बीते 40 वर्षों से इस तरफ किसी ने भी ध्‍यान नहीं दिया था। सबसे पहले हमने इसको हटवाने का काम किया।

-20 साल से डिस्पेंसरी खंडहर बनी हुई थी। वहां आज पॉलीक्लीनिक बनकर तैयार हो चुका है। अब इसके उद्घाटन का इंतजार

-गामड़ी, भजनपुरा मार्केट और अन्य सभी बड़ी सड़कों का पुनर्निर्माण का कार्य चालू है। पुराने गढ़ीमेंडू गांव में रोड का काम करवाया

-विधायक निधि से हर गांव में चौपाल का निर्माण कराया गया।

-यमुना खादर में दो बड़े-बड़े पार्कों का निर्माण करवाया गया। इससे दस हजार लोगों को बड़ी राहत मिली

-रघुबर दयाल जनकल्याण स्कूल का पुनर्निर्माण करवाया। चार मंजिला इमारत बनकर तैयार है। उद्घाटन का इंतजार

-कई गलियों में 20-20 साल से पानी और सीवर लाइन नहीं थी। इसे हम पूरा करवा रहे हैं।

-विधायक निधि से नया पंप हाउस बनवाया। बरसात का पानी सड़क पर भर जाता है। इससे राहत मिली है।

दावों का पोस्टमार्टम

श्रीदत्त शर्मा ने 2015 में दो-दो बार विधायक रहे भाजपा के साहिब सिंह चौहन और कांग्रेस के भीष्म शर्मा को पटखनी दी थी। भीष्म शर्मा अब कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने श्रीदत्त शर्मा के दावों को हवा-हवाई करार दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने आम आदमी पार्टी को लेकर प्रयोग किया था, जो असफल रहा। जनता यह समझ चुकी है।

-सभी चौपाल मेरे कार्यकाल में बनाए गए थे। कुल 27 चौपाल बनवाए।

-इलाके में गंदे पानी की समस्या बरकार है। यहां के लोग परेशान हैं।

-सीवर लाइन डालने का वादा भी पूरा नहीं किया गया है। कई जगहों पर दिक्कत बनी हुई है।

-घोंडा विधानसभा में अस्पताल की जरूरत है। इस पर भी कोई काम नहीं हुआ। कोई नया अस्पताल नहीं बना है।

-सड़कों की हालत खराब पड़ी है। पांच साल से ये सिर्फ निर्माण कार्य का पोस्टर ही जारी कर रहे हैं।

-यमुना खादर में पार्क बनाने का दावा भी गलत है। वहां जैसा मैदान पहले था, आज भी वही है।

जनता ने कहा-ऐसे हों हमारे विधायक

-जो क्षेत्र की समस्याओं से वाकिफ हो और उसका समाधान करे।

-जनता के लिए हर समय उपलब्ध हो, ताकि लोगों को मिलने में समस्या न हो।

-लोगों को अपने काम कराने के लिए ज्यादा चक्कर नहीं काटने पड़े।

-क्षेत्र का विकास करे और लोगों के साथ कोई भेदभाव न करे।

जनता की राय

क्षेत्रीय विधायक लोगों के लिए हर समय मौजूद रहते हैं। क्षेत्र में नजर आते हैं। यही जनता को चाहिए। सड़कों और पार्काें की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। दिल्ली सरकार से जुड़े कार्यों को कराने में क्षेत्रीय विधायक ने तत्परता दिखाई है। लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए दफ्तर में मौजूद रहते हैं।

-उदय राज भदौरिया, सुदामापुरी

पानी की समस्या

पानी की समस्या जैसी पांच साल पहले थी, वैसे ही अब भी है। प्रतिदिन सुबह आधे घंटे तक पानी बहुत गंदा आता है। इसकी वजह से कई घरों में आरओ और प्यूरिफायर भी खराब हो जाते हैं। कहीं भी कोई नई पाइपलाइन नजर नहीं आती है। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य समस्याएं भी बरकरार हैं।

लोकेश शर्मा, जयप्रकाश नगर

भजनपुरा मेन मार्केट से अगर आप गांवडी की तरफ आएंगे तो असलियत का पता चल जाएगा कि यहां सड़कों पर कितना काम हुआ है। कई जगहों पर अब भी गड्ढे बने हुए हैं। किसी भी सड़क पर पूरा काम नहीं हुआ है। यहां जाम की भी बड़ी समस्या है। लोग खरीदारी नहीं कर पाते। यहां के दुकानदार भी काफी परेशान रहते हैं।

– भारती गिरी, भजनपुरा

यमुना विहार में सड़क और पार्कों की स्थिति बेहतर हो गई है। विधायक ने पिछले पांच सालों में कई कार्य कराए हैं। कुछ जगहों पर निर्माण कार्य भी चल रहे हैं। यहां पॉलीक्लीनिक भी तैयार है। कुछ ही दिनों में यह शुरू हो जाएगा। इससे लाेगों को काफी फायदा मिलेगा।