जश्‍न में डूबे लोग नशे में कर रहे ड्राइविंग, रांची के चुटिया में तेज रफ्तार कार ने कुचला सात मजदूर

 राजधानी रांची में लोग नए साल का जश्‍न मना रहे हैं। जश्‍न में डूबे लोग नशे में गरीबों पर कहर भी बरपा रहे हैं। ऐसी ही एक घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्‍य गंभीर रूप से घायल हो गए। 31 दिसंबर की रात रांची के चुटिया इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने सात मजदूरों काे कुचल दिया। इस हादसे में दो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चार अन्‍य मजदूरों का इलाज रिम्‍स में चल रहा है।

चुटिया में 31 दिसंबर की रात 2:00 बजे पटेल चौक के पास तेज रफ्तार कार ने सात मजदूरों को कुचला दिया। सभी मजदूर होटल से कैटरिंग का काम समाप्त कर लौट रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही कार ने मजदूरों को कुचला। घटना के बाद ड्राइवर को स्थानीय लोगों ने पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसकी जान बचाई।

दुर्घटना में मरने वालों में एक का नाम अजय भोक्ता है जबकि दूसरे का नाम बादल करमाली है। अजय सिकिदरी का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार लगभग 12-13 मजदूर फिरायलाल बैंक्विट हॉल में काम करके चुटिया स्थित अपने रूम लौट रहे थे। इसी बीच अरगोड़ा की ओर से आ रहा कार सबको रौंदते हुए निकल गया। कार चालक तेजी से रांची स्टेशन की ओर भागा। संयोग से स्टेशन के पास कार रुक गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को बाहर निकाल कर जम कर पीटा। पुलिस किसी तरह से उसे बचा कर ले गई।