
Jharkhand Assembly Election 2019 केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं की। कोल्हान के सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां के चांदी चौक, पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर के डलईकेला फुटबॉल मैदान और मंझगांव के पडसा फुटबॉल मैदान में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है।
खरसावां विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी जवाहरलाल बानरा के लिए वोट मांगने पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान के साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी थे। अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी जवाहरलाल की जीत अर्जुन मुंडा की जीत होगी।यहां पर बानरा जीतेंगे तो यहां के लोगों को डबल इंजन का लाभ मिलेगा। हमें भी केंद्र की योजनाओं को यहां के जनप्रतिनिधि के माध्यम से सीधे जनता के घर-घर तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
वन उपज से बनेगा डीजल, पेट्रोल
मनोहरपुर के डलईकेला फुटबॉल मैदान में सभा में धर्मेंद्र प्रधान।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमें बाहर से पेट्रोल एवं डीजल खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी। जो पैसा विदेश में जा रहा है उसी पैसा का हम ग्रामीण क्षेत्र में उपयोग करेंगे और वन उपज से पेट्रोल और डीजल निर्माण होगा। इसकी कार्य योजना अर्जुन मुंडा और उन्होंने मिलकर तैयार की है। कार्ययोजना बहुत जल्दी धरातल पर उतरने जा रही है। यह तभी संभव हो पाया जब आपने खूंटी लोकसभा से अर्जुन मुंडा को जीता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने का मौका दिया । उन्होंने जय जगन्नाथ के जयघोष से भाषण शुरू किया और कहा कि यह क्षेत्र उड़िया बहुल क्षेत्र है। पहले भी वे चुनाव कार्य के दौरान कोई बार आ चुके हैं। यहां के लोगों से उन्हें अपार प्रेम मिलता है।
मनोहरपुर के डलईकेला फुटबॉल मैदान में लोगों से मिलते धर्मेंद्र प्रधान।