सौरभ हत्याकांड: पोस्टमार्टम करने वाली टीम बोली- शव के चार बड़े टुकड़े, बाकी छोटे
सौरभ की हत्या उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर कर दी। पोस्टमार्टम करने वाली टीम शव को देखकर दंग रह गई। टीम ने कहा कि इतना सुंदर लड़का था, क्यों मार दिया।
फिल्मों के पोस्टर और सोशल मीडिया पर अकसर ऐसे फोटो शेयर किए जाते हैं, जिनमें एक दिल बनाकर उसमें तीर घुसा होता है और उससे खून रिस रहा होता है। ठीक ऐसा ही सौरभ के दिल का हाल था। चाकू के तीन वार उसके दिल पर किए गए। इससे दिल क्षतिग्रस्त था। सौरभ का जिस बेरहमी से कत्ल किया गया, उसे देखकर पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर, चीफ फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ भी हैरत में है। दो दिन हो गए, मगर उनके जेहन में अब भी सौरव का शव घूम रहा है।
पोस्टमार्टम करने वाली चिकित्सीय टीम ने बताया कि एक साल में मेडिकल कॉलेज की मॉर्चरी में 1500 से 1800 पोस्टमार्टम होते हैं, जिनमें से 700 से 800 पोस्टमार्टम में वे लोग शामिल रहते हैं। सौरभ के शव के बारे में उन्होंने बताया कि यह अपनी तरह का अजीब शव था, जो पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। शुरू में तो लगा सामान्य शव होगा, मगर ऐसा नहीं था। शव देखकर चौकना लाजिमी था, क्योंकि गर्दन धड़ से अलग कटी थी। कलाइयों से दोनों हाथ कटे थे। बाकी धड़ अलग था।
उन्होंने बताया कि शरीर को छोटा करने के लिए पैर पीछे की तरफ मोड़े गए थे, जो इतने सख्त हो गए थे कि उन्हें सीधा नहीं किया गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि दिल पर वार बहुत जोर लगाकर किए गए हैं, क्योंकि चाकू के वार दिल के अंदर तक थे। करीब डेढ़ घंटे तक पोस्टमार्टम चला। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि हम लोग वर्षों से पोस्टमार्टम करते आ रहे हैं। सामान्य तौर पर किसी शव को देखकर इतनी संवेदना नहीं आती है, लेकिन सौरभ का जिस तरह से कत्ल किया गया, उसे देखकर घर जाने के बाद भी जेहन में वही शव घूमता रहा। साथ ही यह ख्याल भी आता रहा कि क्या पत्नी इतनी भी बेरहम हो सकती है। बहुत सुंदर लड़का था…क्यों मार डाला।
कटर से काटा गया ड्रम और सीमेंट, तब निकला शव
टीम ने बताया कि शव को ड्रम में डालकर डस्ट और सीमेंट डालकर उसमें ऊपर तक पानी भरा गया था। इससे शव सीमेंट के बीच में जम गया था। हवा न जा पाने के कारण शव सड़ा गला नहीं था, उसमें दुर्गंध भी कम आ रही थी। पोस्टमार्टम हाउस में ड्रम को कटर से काटा गया। फिर जमे हुए सीमेंट को काटा गया। उसमें से शव निकाला गया। इसमें करीब एक घंटा लग गया। इसके बाद पोस्टमार्टम किया गया।
शव को लंबाई में कम, चौड़ाई में ज्यादा देखकर चौंके
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम पांच बजे सफेद चादर में लिपटा शव ब्रह्मपुरी के इंदिरानगर में लाया गया। लोग यह देखकर चौंक गए कि शव लंबाई में कम और चौड़ाई में ज्यादा दिख रहा था। दरअसल, पैर धड़ की तरफ मुड़े हुए थे। इससे धड़ चौड़ा लग रहा था। सिर अलग था। लोगों की जुबान पर यह सवाल था। लोगों ने इस बारे में आपस में बात भी की।
सौरभ की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंच गई है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सौरभ के दिल पर तीन बार चाकू से वार किया गया। जिससे उसकी मौत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक शव को चार बड़े और कुछ छोटे टुकड़ों में काटा गया था। हत्या से पहले सौरभ को नशीला पदार्थ दिया गया था। इसकी जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। वहीं, एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है।