बिहार के पूर्णिया और गोपालगंज से जल्द ही शुरू हो सकता है हवाई सेवा…
April 30, 2023, 1:25 PM
बिहार के पूर्णिया और गोपालगंज से जल्द ही हवाई सेवा शुरू हो सकती है। राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव भेजने के बाद नागर विमानन मंत्रालय ने उड़ान पांच में शामिल किया है। अब एयरलाइन कंपनियां बोली में शामिल होंगी। वैध बोली प्राप्त होने पर पूर्णिया एवं गोपालगंज से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। समाधान यात्रा पर पहुंचे सीएम नीतीश कुमार के सामने यह मामला जोर शोर से उठाया गया था। सीएम ने जनता को जल्द हवाई सेवा शुरू होने के लिए प्रयास का भरोसा दिलाया था। राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार की ओर से प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पूर्णिया हवाई अड्डा उड़ान दस्तावेज संस्करण एक में भी शामिल था। इसके बाद हवाई अड्डा की मरम्मत के कारण उड़ान दो, तीन, चार में शामिल नहीं किया गया था। रनवे का कार्य मुकम्मल होने के साथ-साथ राज्य सरकार के प्रस्ताव भेजने के बाद अब इसे उड़ान पांच में शामिल कर लिया गया है। अगले माह इसके लिए बोली की संभावना है। पूर्णिया एक सैन्य हवाई अड्डा है। रन वे की लंबाई 11 हजार फीट है। पहले यह नौ हजार फीट थी। मगर तीन वर्षों तक लगातार कार्यों के बाद इसकी लंबाई दो हजार फीट और लंबी हो गयी है। राज्य में पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा का रनवे पटना हवाई अड्डा से भी बड़ा है। यह हवाई अड्डा एबी 321 प्रकार के विमान के संचालन के लिए उपयुक्त है। यहां से 189 सीटर फ्लाइट टेक ऑफ कर सकती है।
इन जिलों से 20 सीटर उड़ेंगे
इसके अलावा बिहार के एक दर्जन से अधिक जिलों में एयर स्ट्रिप है। कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, किशनगंज, बेगूसराय, बेतिया, भागलपुर, बिहार शरीफ, बक्सर, छपरा, फारबिसगंज, हथवा, बिहटा, जहानाबाद, जोगबनी, मधुबनी, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, रक्सौल, वाल्मीकि नगर में एयर स्ट्रिप की सुविधा है। इसमें कुछ को छोड़ अधिकांश स्थानों पर रन वे की सुविधा भी है। यहां से 20 सीटर छोटे विमान उड़ सकते हैं।
पोर्टा केबिन कंसेप्ट आधारित सिविल एन्क्लेव के बल पर शुरुआत
पूर्णिया एयरपोर्ट की शुरुआत दरभंगा एयरपोर्ट की तर्ज पर पोर्टा केबिन कंसेप्ट आधारित सिविल एन्क्लेव के बल पर हो सकती है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता विजय श्रीवास्तव के द्वारा राज्य से लेकर केंद्र सरकार तक को पत्र लिखा गया है। वह कहते हैं कि पूर्णिया से हवाई सेवा शुरू होने पर एयरपोर्ट के एक सौ किलोमीटर की त्रिज्या में आने वाले लोगों को फायदा होगा। कोसी व सीमांचल के अलावा भागलपुर और मुंगेर प्रमंडलों सहित पश्चिम बंगाल की पश्चिमी और नेपाल की दक्षिणी इलाकों की करोड़ों आबादी को पूर्णिया एयरपोर्ट की सुविधा मिलेगी।
बता दें कि करीब दो माह से पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने की मांग मुखर है। इस दौरान लगातार धरना प्रदर्शन भी किया जा रहा है। समाधान यात्रा पर आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्पष्ट कर चुके हैं कि केंद्र सरकार के चलते इसमें देरी हो रही है। सांसद संतोष कुशवाहा इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर चुके हैं। पूर्णिया आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री भी जनता को एयरपोर्ट से हवाई सेवा जल्द शुरू होने का भरोसा दे चुके हैं।